भारतीय जनता पार्टी किसी तरह से युवाओं और खास कर ‘जेन जी’ की नाराजगी दूर करने और उसके साथ कनेक्ट बढ़ाने के लिए बेचैन है। जिस अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंस्टाग्राम पर वीडियो डाल रहे थे और उसके बाद उनकी सरकार के मंत्री और पार्टी के नेता इंस्टाग्राम पर सक्रिय हुए हैं। उससे इसका अंदाजा लग रहा है। रक्षाबंधन के दिन प्रधानमंत्री का जो अंदाज था वह भी नयापन लिए हुए थे। भाजपा अपने ऐसे नेताओं को खोज रही है, जो जिनका कनेक्ट युवाओं से हो सके। इस तलाश में एक चेहरा रवि किशन का उभरा है। पिछले कुछ दिनों से रवि किशन की पीआर टीम बहुत सक्रिय है। उनके पुराने भाषणों की मीम्स, रील्स आदि खूब सरकुलेट किए जा रहे हैं। पिछले दिनों वे युवाओं के एक कार्यक्रम में गए तो उन्होंने मंच पर स्टाइलिश डांस किया, जिसे सोशल मीडिया में बहुत पसंद किया गया। उसके बाद से रवि किशन के प्रमोशन की चर्चा तेज हो गई है।
रवि किशन भोजपुरी फिल्मों के साथ साथ हिंदी और दक्षिण भारत की अनेक भाषाओं की फिल्मों में काम कर चुके हैं। वे गोरखपुर से सांसद हैं। अब कहा जा रहा है कि उनको केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। भाजपा उनकी लोकप्रियता का अधिकतम लाभ लेना चाहती है। पहले यह तय माना जा रहा था कि उत्तर प्रदेश से ब्राह्मण चेहरे के तौर पर सुधांशु त्रिवेदी को मंत्री बनाया जाएगा। वे अब भी मंत्री पद के लिए पहली पसंद हैं। हरीश द्विवेदी को पार्टी का महामंत्री बनाए जाने के बाद सुधांशु त्रिवेदी का मंत्रीपद तय माना जा रहा है। लेकिन अब उनके साथ साथ रवि किशन का भी नाम चल रहा है। जानकार सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी दोनों को मंत्री बना सकते हैं। दोनों की अपनी फॉलोइंग है। अगर दोनों में से किसी एक को चुनना होगा तब सुधांशु त्रिवेदी के ज्यादा चांस हैं। लेकिन रवि किशन को बनाने पर पूरे भोजपुरी इलाके में भाजपा के लिए अच्छा माहौल बनेगा।
