रायपुर। नक्सलवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई निर्णायक दौर में पहुंच गई है। सुरक्षा बल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से तय की गई डेडलाइन से पहले नक्सलियों के खिलाफ बड़ा अभियान चला रहे हैं। ऐसे ही अभियान में बुधवार को सुरक्षा बलों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया। इस अभियान में तीन जवान भी शहीद हुए हैं। यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर हुई। देर शाम तक 12 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। इस मुठभेड़ में डीआरजी तीन जवान शहीद और दो घायल हो गए हैं।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने मुठभेड़ में 12 नक्सलियों के मारे जाने और तीन जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है। सुंदरराज पी ने बताया कि मुठभेड़ में बीजापुर डीआरजी के जवान हेड कॉन्स्टेबल मोनू वडारी, रमेश सोड़ी और कॉन्स्टेबल दुकारू गोंडे शहीद हो गए। मुठभेड़ के बाद गंगालूर थाना इलाके के जंगलों में जवानों की टीम लगातार तलाशी अभियान चला रही है।
जिले के एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ की साझा टीम बुधवार सुबह नौ बजे से बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा के पश्चिमी बस्तर डिवीजन इलाके में सर्च ऑपरेशन पर थी। जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू की। जवाबी कार्रवाई में नक्सली मारे गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवानों की श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
मुठभेड़ के बाद छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आज हमारे बहादुर जवानों की बहादुरी से इतिहास लिखा जा रहा है। नक्सलवाद आखिरी सांसें ले रहा है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में चार दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल समेत सुरक्षा से जुड़े अनेक लोग डीजीपी कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे। मीटिंग में नक्सलवाद को खत्म करने की रणनीति पर चर्चा की गई थी। गौरतलब है कि अमित शाह ने नक्सलवाद खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की डेडलाइन तय कर दी है।
बहरहाल, जिले के एसपी ने ने बताया कि जवानों ने मुठभेड़ वाली जगह से एसएलआर राइफल, 303 राइफल और गोला, बारूद भी बरामद किया है। मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। मौके पर तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और बैकअप पार्टी भी भेजी गई है। ऑपरेशन देर शाम तक जारी था।
