अमेरिका की रहम और मौन

Categorized as श्रुति व्यास कालम

भारत को आज अमेरिका से असामान्य ‘अनुमति’ मिली! अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा— अमेरिकी ट्रेज़री विभाग (वित्त मंत्रालय) ने भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने की अनुमति देते हुए 30 दिनों की अस्थायी छूट दी है। इससे ठीक दो दिन पहले भारत से लौट रहे एक ईरानी नौसैनिक पोत को (जो भारत के न्यौते पर, भारत की मेजबानी में शांति-कालीन प्रैक्टिस में भाग लेकर लौट रहा था) अमेरिकी पनडुब्बी ने हमला कर डुबोया। पर भारत ने प्रतिक्रिया ऐसे दी है मानो कुछ हुआ ही नहीं। विदेश मंत्रालय की ओर से अमेरिका के आगे स्पष्ट कूटनीतिक विरोध दर्ज नहीं हुआ, न ही कोई तीखा वक्तव्य आया। प्रधानमंत्री भी मौन रहे।

बयान, दृश्य, खामोशी सामने है। यों अंतरराष्ट्रीय राजनीति में मौन भी एक संकेत होता है। पर ईरान के घटनाचक्र और भारत की लाचारगी का मौन अब वैश्विक राजनीति में असलियत का भौकाल है। जो देश स्वयं को लगातार विश्वगुरु के रूप में प्रस्तुत करता रहा है। नगाड़ों के साथ कूटनीति करता हुआ है, वह अब प्रक्षेपित छवि और वास्तविकता के बीच में विश्व को कैसा दिखलाई दे रहा होगा, इसका अनुमान लगा सकते हैं। भारत का राजनीतिक, कूटनैतिक कथानक अगल-बगल की कठोर भू-राजनीतिक वास्तविकताओं के आगे पस्त है। तभी संकट की विकटता में अमेरिका की अनुमति, छूट, रहम पर भारत खुशी मना रहा है। देश के भीतर इस घटनाक्रम को भारत के महत्व के प्रमाण के रूप में इस तरह प्रस्तुत किया गया मानो वाशिंगटन दिल्ली के आगे झुक गया हो।

सच्चाई जगजाहिर हो रही है। पिछले एक दशक में भारत की विदेश नीति धीरे-धीरे एक मंचित प्रदर्शन में बदली है। कूटनीति एक दृश्य, एक तमाशे की तरह अपनाई गई। गले लगने, हाथ मिलाने के क्षण, सावधानी से सजाए गए फ़ोटोग्राफ़, भव्य प्रवासी रैलियाँ—हर दृश्य इस तरह रचा गया मानो एक ऐसे नेता की छवि गढ़नी हो जो विश्व के ध्यान के केंद्र में खड़ा है। यह फोटोजनित राजनीति, कूटनीति देश-विदेश के आगे इमेज का गुब्बारा बना रही थी। पाँच वर्ष पहले जब रूस ने यूक्रेन पर आक्रमण किया था, तब भारत के भीतर सबसे प्रभावशाली छवि युद्ध की जटिलता नहीं, बल्कि वहाँ से छात्रों के निकासी के वीडियो और फोटो थे। टेलीविज़न स्क्रीन भारतीय ध्वज में लिपटे छात्रों की वापसी के दृश्यों से भरे थे। सोशल मीडिया पर आत्मविश्वास से दावा था कि रूसी मिसाइलें भी उस तिरंगे के सम्मान में ठहर गईं—मानो नरेंद्र मोदी ने तिरंगे को इतना शक्तिशाली बना दिया हो जो युद्ध क्षेत्र भी उसके सम्मान में ठहर जाता है।

लेकिन फोटो, तस्वीरें प्रभावशाली हो सकते हैं, सत्य और शक्ति नहीं। जी-20 या एआई शिखर सम्मेलन की मेज़बानी निस्संदेह दिल्ली की झूमरों के नीचे वैश्विक नेताओं की आकर्षक तस्वीरें बनाती है। लेकिन तस्वीरें अपने आप विदेश नीति का रौब, भू-राजनीतिक हिसाब नहीं बदलतीं। विशेषकर तब, जब अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बदलने वाले संकट कहीं और घटित हो रहे हों और भारत की आवाज़ तुरंत अजीब मौन के बिल में दुबकती है!

एक दशक से भारत की विदेश नीति अक्सर तमाशे और मौन के बीच झूलती दिखाई दी है।

रिकॉर्ड पर नज़र डालें। जब रूस ने यूक्रेन पर आक्रमण किया, तो भारत ने संयुक्त राष्ट्र में सावधानी से संतुलित तटस्थता का रास्ता चुना। मॉस्को की निंदा करने वाले प्रस्तावों पर बार-बार मतदान से परहेज़ किया। इस स्थिति को “रणनीतिक स्वायत्तता” कहा गया। मतलब रूस के साथ ऐतिहासिक संबंधों और पश्चिम के साथ बढ़ती साझेदारियों के बीच संतुलन का प्रयास। पश्चिम एशिया में भी इसी तरह की अस्पष्टता दिखाई दी, जब इज़राइल ने गाज़ा पर लगातार बमबारी शुरू की। हाल के वर्षों में भारत ने इज़राइल के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को गहरा किया था—रक्षा सहयोग बढ़ाया, कूटनीतिक गर्मजोशी खुलकर दिखाई। लेकिन जैसे ही गाज़ा विनाश की ओर बढ़ा, नई दिल्ली की भाषा अचानक सावधानीपूर्ण हो गई। बयान संतुलित रहे—संयम की अपील, मानवीय सहायता की बात—लेकिन वह नैतिक दम था ही नहीं जिसे कई अन्य लोकतांत्रिक देशों ने व्यक्त किया था।

यह असंगति घर के अधिक मुखर दिखाई दी।

पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की घोषणा काफी कड़े शब्दों के साथ की, इसे पाकिस्तान के विरुद्ध दृढ़ संकल्प के प्रदर्शन के रूप में प्रस्तुत किया। घरेलू कथा तेजी से जोशीली, उग्र हुई। टेलीविज़न स्टूडियो जंग के मैदान में बदले। सोशल मीडिया पर घोषणा होने लगी कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को वापस लेने का क्षण आ गया है। लेकिन जल्द ही उस क्षण की हवा निकल गई जब डोनाल्ड ट्रंप के बयान, टैरिफ धमकियां, संवाद सुनाई दिए। मतलब दृश्य स्क्रीन पर विजयी ढंग से फैले और रणनीतिक परिणाम फुस्स।

इसका अर्थ यह नहीं कि भारत के पास शक्ति की संभावनाएँ नहीं हैं। बिल्कुल हैं। 78 वर्ष का गणराज्य एक बड़ी अर्थव्यवस्था है, विशाल बाज़ार है और क्षेत्रीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण ताकत है। दुनिया के देश भारत को इसलिए महत्व देते हैं क्योंकि वह मायने रखता है। लेकिन महत्व दिया जाना और प्रभावशाली होना एक ही बात नहीं है। बाज़ार के रूप में मूल्यवान होना और रणनीतिक आवाज़ के रूप में सम्मानित होना—इन दोनों के बीच बड़ा फर्क होता है।

और यही फर्क अब दिखाई देने लगा है।

विश्वगुरु की हमारी भाषा लगातार ऊँची होती गई है, जबकि भारत की कूटनीतिक भाव-भंगिमा गिरगिटी, सतर्क, मौन तथा दुबकने की है। अंतरराष्ट्रीय संबंधों की भाषा में इसे “हेजिंग” कहा जाता है—जब बड़ी शक्तियाँ टकरा रही हों तो स्पष्ट प्रतिबद्धता से बचने की सावधानी। लेकिन विडंबना स्पष्ट है। एक ऐसा देश जो सभ्यतागत नेतृत्व की बात करता है और स्वयं को ग्लोबल साउथ की आवाज़ बताता है, वही अक्सर इतना चौकन्ना रहता है कि कहीं कोई शक्तिशाली नाराज़ न हो जाए।

जो देश बार-बार बाहरी दबावों के आगे झुकता दिखता है, वह उभरती शक्ति से अधिक उस देश की तरह दिखने लगता है जो दूसरों द्वारा निर्धारित सीमाओं के भीतर काम करना सीख रहा हो। वाशिंगटन से आई हालिया छूट इसी पदानुक्रम की याद दिलाती है—कि इक्कीसवीं सदी में भी भारत ऐसी व्यवस्था के भीतर है जिसे वह पूरी तरह नियंत्रित नहीं करता। विरोधाभास और भी तीखा है: एक नेतृत्व जो अक्सर 56 इंच की छाती, दृढ़ संकल्प और सभ्यतागत आत्मविश्वास की भाषा बोलता है, वही कई बार उन दबावों को स्वीकार करता दिखता है जिन्हें कभी भाषणों में चुनौती देने का दावा किया गया था।

और यही हमें फिर असहज सवाल की ओर ले आता है: क्या यह सत्य नहीं कि भारत के उदय की कहानी बढ़ा-चढ़ाकर कही गई थी? या फिर उसकी शक्ति की कहानी असल में वास्तविक शक्ति से कहीं तेज़ गति से दुनिया में फैली? मौजूदा क्षण संकेत दे रहा है कि भारत की शक्ति की भाषणबाजी शायद स्वयं शक्ति से कहीं आगे निकल चुकी है।


Previous News Next News

More News

सम्राट चौधरी : बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री

April 15, 2026

मंगलवार को नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में भाजपा युग की शुरुआत हो गई। बिहार में पहली बार भाजपा के मुख्यमंत्री ने शपथ ली, जो भाजपा के लिए ऐतिहासिक है। केंद्रीय कृषि मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान द्वारा संशय के बादल हटाए जाने के बाद, सम्राट चौधरी के नाम…

पंजाब सरकार ने राघव चड्ढा की सुरक्षा हटाई, केंद्र सरकार ने दी जेड सिक्योरिटी

April 15, 2026

केंद्र सरकार ने आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा को बड़ी सुरक्षा राहत देते हुए जेड कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, यह सुरक्षा दिल्ली व पंजाब दोनों जगह लागू होगी और अर्धसैनिक बल उनके सुरक्षा कवच का जिम्मा संभालेंगे।  जानकारी के अनुसार, यह फैसला इंटेलिजेंस…

‘बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाई हासिल करेगा’, पीएम मोदी ने दी बधाई

April 15, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व में जनता-जनार्दन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाई हासिल करेगा।  प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म…

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी पहुंचे सचिवालय

April 15, 2026

बिहार के मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी एक्शन में दिख रहे हैं। शपथ लेने के तुरंत बाद वे सचिवालय पहुंचे और कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक कर यह साफ संकेत दे दिया कि उनका कार्यकाल कार्य-उन्मुख और परिणाम-आधारित होगा।   बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने…

नोएडा में फैक्ट्रियों के खुलते ही फिर श्रमिकों का हंगामा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

April 15, 2026

नोएडा में एक बार फिर औद्योगिक गतिविधियों के शुरू होते ही श्रमिकों का आक्रोश सामने आया है। फैक्ट्रियों के खुलने के साथ ही जिले में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिल रही है। ताजा मामला सेक्टर-63 का है, जहां एक कंपनी के बाहर श्रमिकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात…

logo