मुंबई में महाविकास अघाड़ी नहीं लड़ेगा लेकिन पुणे में अघाड़ी लड़ेगा। महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में इस किस्म की खूब उलटबांसी हो रही है। पुणे नगर निगम यानी पीएमसी के चुनाव के लिए शरद पवार की एनसीपी की बातचीत अजित पवार की एनसीपी से हो रही थी। शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले खुद बात कर रही थीं। लेकिन सीटों की संख्या को लेकर बात नहीं बनी। इसके बाद उन्होंने अजित पवार को छोड़ कर फिर से महाविकास अघाड़ी से बातचीत शुरू कर दी। ध्यान रहे पुणे नगर निगम की स्थिति शरद पवार के परिवार के लिए बारामती सीट जैसी है। परिवार का दबदबा इस इलाके में दशकों से है। अजित पवार के अलग होने के बाद पहली बार नगर निगम का चुनाव हो रहा है।
इसलिए शरद पवार के लिए बहुत जरूरी है कि उनकी पार्टी अच्छा प्रदर्शन करे। ध्यान रहे लोकसभा में बारामती सीट पर शरद पवार की बेटी ने अजित पवार की पत्नी को हराया तो विधानसभा चुनाव में अजित पवार ने शरद पवार की ओर से खड़ा किए गए उनके पोते रोहित पवार को हराया। लड़ाई बराबर हो गई है। अब पीएमसी से तय होगा कि कौन बड़ा है। तभी सुप्रिया सुले ने कांग्रेस और शिव सेना से बात की है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की ओर से पीएमसी की 165 सीटों में से सबको बराबर सीट का प्रस्ताव दिया गया है। दूसरी ओर शरद पवार की पार्टी अकेले आधी सीटों पर लड़ना चाहती है। जो हो पुणे नगर निगम का चुनाव का गठबंधन और तैयारी दोनों बहुत दिलचस्प हो गया है। क्योंकि शरद पवार की पार्टी से बातचीत खत्म होने के बाद अजित पवार को भी महायुति में अपना तालमेल फाइनल करना है।
