जंतर-मंतरः आग अभी बुझी नहीं है

Categorized as श्रुति व्यास कालम

ग्राउंड रिपोर्ट

नई दिल्ली। लुटियन दिल्ली को सोमवार को जिस छात्र आंदोलन ने झकझोरा था, उसकी आग अब भी बुझी नहीं है। फर्क सिर्फ इतना है कि अब इस आंदोलन को सबसे अधिक ऊर्जा जेनरेशन-ज़ेड का रचनात्मक हास्य है। गुस्सा है, लेकिन उसके साथ व्यंग्य है, मीम हैं, तख्तियों पर लिखी चुटीली पंक्तियाँ हैं और व्यवस्था को चुनौती देने का एक नया आत्मविश्वास भी।

राहुल गांधी की हिरासत के एक दिन बाद बुधवार को दिल्ली के संसद इलाके का माहौल तनावपूर्ण था, लेकिन वजह बदल चुकी थी। सरकार के लिए यह घेराबंदी का एक और दिन था। वही छात्रों के लिए आंदोलन का एक और सामान्य दिन—जोश, धैर्य और जिद से भरा हुआ।

लुटियंस दिल्ली अब भी एक ऐसे शहर की तस्वीर है, जो किसी बड़े टकराव की आशंका में खुद को किले में बदला हुआ है। प्रधानमंत्री आवास से संसद की ओर जाने वाली सड़कें बैरिकेडिंग की कई परतों के पीछे गुम थीं। पश्चिम बंगाल और कश्मीर से भी अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाए गए है। राजधानी की परिचित हरियाली पर मानों नीले और खाकी रंग का कब्ज़ा। दिल्ली पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स, सीआरपीएफ, दंगा-रोधी वाहन, अश्रु गैस, धुआँ छोड़ने वाले लॉन्चर और लाठियाँ थामे जवान हर चौराहे पर मौजूद। मानो पूरा सत्ता क्षेत्र एक ही संदेश दे रहा हो—राज्य किसी भी स्थिति के लिए तैयार है। सुबह से खान मार्केट, जोर बाग और इंद्रप्रस्थ सहित सोलह मेट्रो स्टेशन बंद थे।

लेकिन इन सबका छात्रों पर कोई खास असर नहीं दिखाई दिया। वे लगातार बसों, मेट्रो के खुले स्टेशनों और ऑटो से जंतर-मंतर पहुँचते रहे।

आज जब मैं आंदोलन के केंद्र जंतर-मंतर पहुँची तो मंच पर अभिजीत दिपके मौजूद थे। उनके आसपास मीडिया का घना घेरा था। उसी घेरे में समर्थन देने आने वाले राजनीतिक नेताओं की आवाजाही भी लगी हुई थी। लेकिन असली आंदोलन उस घेरे के बाहर था। उमस से भरे आसमान के नीचे सैकड़ों छात्र ज़मीन पर पालथी मारकर बैठे थे। कोई नारे लगा रहा था, कोई गीत गा रहा था, कोई हाथ से बने पोस्टर लहरा रहा था और कोई अपने साथियों का हौसला बढ़ा रहा था।

आज मेरी मुलाकात कई ऐसे छात्रों से हुई जो पहली बार किसी प्रदर्शन में शामिल हुए थे।

इंदौर से आए तीन युवक पूरी रात यात्रा करके बुधवार तड़के दिल्ली पहुँचे थे। उन्हें किसी संगठन ने नहीं बुलाया था। वे सोशल मीडिया पर आंदोलन के वीडियो देखकर यहाँ आए थे।

“हम इसलिए आए क्योंकि लगा कि दूसरे छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए,” उनमें से एक ने मुझसे कहा। “सिर्फ एकजुटता दिखाने के लिए नहीं, बल्कि इसलिए कि व्यवस्था को कोई तो ठीक करने की कोशिश करे।”

फिर उसने एक ऐसी बात कही जिसने शायद पूरे आंदोलन का सबसे सटीक अर्थ सामने रख दिया।

जब मैंने पूछा कि पेपर लीक तो वर्षों से होते आए हैं, फिर यह आंदोलन अलग क्यों है, तो उसने बिना एक पल रुके कहा, “पिछली पीढ़ी ने इसे स्वीकार कर लिया था। उन्हें कभी लगा ही नहीं कि गलत को गलत कहकर बदला भी जा सकता है। अगर उन्होंने तब सवाल पूछे होते, तो शायद आज हमें यहाँ खड़ा नहीं होना पड़ता।”

उसके इतना कहते ही आसपास बैठे छात्रों ने तालियाँ बजानी शुरू कर दीं।

उस एक संवाद ने वह बात समझा दी जिसे आँकड़े कभी नहीं समझा सकते। इस आंदोलन की ताकत सिर्फ इसकी संख्या में नहीं, बल्कि उस स्पष्टता में है जिसके साथ नई पीढ़ी अपने गुस्से को शब्द देती हुई है।

अगर सोमवार ने इस आंदोलन के जन्म की घोषणा की थी, तो बुधवार ने साबित कर दिया कि उसमें टिके रहने की क्षमता भी है।

बुधवार तक आते-आते यह आंदोलन अपना अलग जीवन जीने लगा है। यह अब सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं रहा, बल्कि एक ऐसा समुदाय बन चुका है जहाँ असहमति केवल नारों से नहीं, व्यंग्य और हास्य से भी व्यक्त हो रही है। भीड़ में हँसी उतनी ही सहजता से फैल रही थी जितनी नारेबाज़ी। अनजान लोग एक-दूसरे का ख़याल रख रहे थे। और सबसे उल्लेखनीय बात यह थी कि लगभग पूरा प्रबंधन स्वयं छात्रों के हाथ में था।

दस-दस, बारह-बारह छात्रों के छोटे समूह बारिश से भीगी सड़कों पर अपनी जगह बनाए बैठे थे। कोई रातभर सफर करके आया था और योगा मैट पर थोड़ी देर के लिए सो गया था। कोई किताब पढ़ रहा था। कहीं आंदोलन के गीत गूँज रहे थे। कहीं संविधान पर बहस चल रही थी। कहीं कोई अचानक खड़ा होकर भाषण देने लगा था। और कहीं अनजान लोग एक-दूसरे के साथ बिस्कुट और पानी बाँट रहे थे। नारों के बीच-बीच में ठहाके लगातार सुनाई देते रहे।

सबसे अधिक प्रभावित करने वाली बात उनका अनुशासन था। स्वयंसेवकों ने मानव श्रृंखलाएँ बनाकर आने-जाने के रास्ते खुले रखे। कुछ लोग पानी बाँट रहे थे। कुछ नए आने वालों को छाँव की ओर भेज रहे थे। कुछ थके हुए प्रदर्शनकारियों को गत्ते के टुकड़ों से हवा कर रहे थे, क्योंकि दिल्ली की उमस किसी की परीक्षा लेने में कोई कसर नहीं छोड़ रही थी। मेरे लिए ऐसे दिन में घूमना, रिपोर्टिंग करना खुद बेहद थका देने वाला अनुभव था। लेकिन छात्रों ने मानो तय कर लिया है कि न मौसम और न थकान—उनके रास्ते की कुछ भी नई बाधा नहीं बनेगा।

उनके पोस्टरों में जेनरेशन-ज़ेड की अपनी राजनीतिक भाषा साफ दिखाई देती है—तीखी, चतुर, आत्मसजग और बेधड़क व्यंग्यात्मक। मीम अब कार्डबोर्ड पर है। संविधान के उद्धरणों के साथ व्यंग्य, तीखा कटाक्ष  सहजता से खड़ा मिला। यहाँ हास्य राजनीति से बचने का माध्यम नहीं था; वही राजनीति की सबसे प्रभावी भाषा बन चुका था।

मेरी मुलाकात आईपी विश्वविद्यालय के कानून के छात्रों से हुई, इग्नू के बीस वर्षीय छात्र से हुई, इंजीनियरिंग स्नातकों से हुई, एमबीए की तैयारी कर रहे युवाओं से हुई और ऐसे अनेक छात्रों से हुई जो पहली बार किसी आंदोलन में आए थे। वे सिर्फ इसलिए रातभर यात्रा करके दिल्ली पहुँचे क्योंकि उन्होंने अपने मोबाइल फ़ोन पर इस आंदोलन को देखा और उन्हें लगा कि उन्हें भी इसका हिस्सा बनना चाहिए।

यह आंदोलन अब किसी एक संगठन या परिसर तक सीमित नहीं रहा। यह पूरी एक पीढ़ी को अपनी ओर खींच रहा है।

शाम ढलते-ढलते जंतर-मंतर किसी पारंपरिक धरना स्थल से अधिक एक आत्मनिर्भर छात्र गणराज्य जैसा दिखाई देने लगा। बैरिकेड वहीं थे। सुरक्षा बल भी वहीं थे। लेकिन छात्र भी वहीं थे। उनकी पोस्टर और पंचलाइन की राजनीति लगातार जारी। ह्यूमर, सटायर, कटाक्ष और क्रिएटिव रेज़िस्टेंस की राजनीति के लगातार नए-नए अनुभव। सोमवार को सत्ता की लुटियन दिल्ली ने उनका गुस्सा देखा। बुधवार को वह धैर्यपूर्ण तैयारी, संगठन क्षमता और यह विश्वास लिए हुए थी कि लंबी लड़ाइयाँ केवल नारों से नहीं, बल्कि लगातार टिके रहने से जीती जाती हैं।


Previous News Next News

More News

वंदे मातरम पर ‘इंडिया’ ब्लॉक में मतभेद

September 13, 2026

कांग्रेस पार्टी ने अचानक वंदे मातरम को बड़ा मुद्दा बना दिया है और इस पर टकराव पैदा कर रही है। यह अचानक हुआ इसलिए लग रहा है क्योंकि संसद के मानसून सत्र में कांग्रेस इस पर अपनै स्टैंड स्पष्ट करने से बच रही थी। कांग्रेस के नेता इस बात से खुश थे कि जंतर मंतर…

केजरीवाल, पंकज गुप्ता और एनडी गुप्ता

September 13, 2026

भारत में राजनीति को जाति के स्टीरियोटाइप में देखा जाता है। जब भी किसी पार्टी के संगठन के पदाधिकारियों की घोषणा होती है तो देखा जाता है कि उसमें जातीय समीकरण का कितना ध्यान रखा गया है। ऐसे की सरकार के मंत्रियों के चयन में भी सामाजिक, क्षेत्रीय संतुलन की बात होती है। हर जाति…

टकराव की राजनीति बढ़ा रहे हैं केजरीवाल

September 13, 2026

आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल इन दिनों पूरी तरह से पंजाब की राजनीति में लगे हैं। वे रैलियां और चुनावी कार्यक्रम कर रहे हैं और साथ साथ टिकट बंटवारे से लेकर चुनावी रणनीति बनाने में भी लगे हैं। राघव चड्ढा और उनसे भी ज्यादा संदीप पाठक के पार्टी छोड़ने के बाद केजरीवाल पर…

धीरेंद्र शास्त्री ने भाजपा का नुकसान कर दिया

September 13, 2026

पश्चिम बंगाल में सरकार बनने के बाद बड़े धूमधड़ाके से बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री बंगाल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार थी तो उनको राज्य में नहीं आने दिया जाता था। उन्होंने यह भी कहा कि अब सरकार बदल गई है और लोगों का मन बदलना चाहिए। सोचें, बंगाल में लोगों…

आर्थिक विकासः इतने बंटे हुए क्यों हैं अहसास!

September 13, 2026

लोग यह पूछने लगे हैं कि अगर तेज गति से आर्थिक वृद्धि दर्ज हो रही है, तो वह आम जिंदगी में महसूस क्यों नहीं हो रही है? आंकड़ों की साख का सवाल तो पुराना है, मगर ताजा बहस के क्रम में आम तजुर्बे के खिलाफ आए आंकड़ों पर सरल, लेकिन कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण सवाल उठाए…

logo