एक रिपोर्ट है कि पिछले एक साल में दिल्ली में यमुना और मैली हो गई है। साफ होने की बजाय उसमें पहले से ज्यादा झाग बनने लगी है और नालों से आने वाली गंदगी के कारण पानी में मल की मात्रा पहले से ज्यादा बढ़ गई है। अब दिल्ली की रेखा गुप्ता की सरकार कह रही है कि उन्हें तो एक ही साल मिला है, जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार 11 साल रही थी। वे भी अब यमुना की सफाई के लिए 11 साल का समय मांग रही हैं। लेकिन हैरानी की बात यह है कि उनकी सरकार के पर्यटन मंत्री उसी यमुना में क्रूज चलाने की तैयारी में लग गए हैं।
यह बात सबको पता है कि यमुना की सफाई का सिर्फ दिखावा हो रहा है। सरकार कोई गंभीर कदम नहीं उठा रही है। आखिर 12 साल के नरेंद्र मोदी के राज में हजारों करोड़ खर्च करके भी गंगा कहां साफ हुई है। इसलिए 11 साल भी मिल जाएं तब भी यमुना साफ नहीं होगी। लेकिन यह दिखाने के लिए यमुना सफाई का काम चल रही है और धारणा बनवाने के लिए पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा क्रूज चलाने की तैयारी में जुट गए। इसके लिए वे मुंबई पहुंचे और वहां क्रूज कंपनी के साथ मीटिंग वगैरह की है। यमुना रिवरफ्रंट परियोजना के तहत लक्जरी क्रूज चलाने की योजना बनी है। लेकिन अभी एक प्रतिशत भी सफाई नहीं हुई है और न रिवरफ्रंट का काम शुरू हुआ लेकिन पर्यटन मंत्री एक क्रूज के सामने फोटो खिंचवा आए हैं, जिसे वायरल किया जा रहा है।
