इस बार आम बजट रविवार को पेश हो सकता है। केंद्र सरकार की राजनीतिक मामलों की कैबिनेट कनेटी ने हर साल की तरह इस साल भी 28 जनवरी से बजट सत्र बुलाने की सिफारिश की है। साल के पहले सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से होती है और उसके बाद आर्थिक सर्वे पेश किया जाता है और फिर एक फरवरी को बजट पेश होता है। इस बार एक फरवरी रविवार को है। तभी यह संशय पहले से जताया जा रहा है कि रविवार को कैसे बजट पेश होगा। लेकिन जानकार सूत्रों का कहना है कि सरकार इसमें बदलाव पर विचार नहीं कर रही है। हालांकि अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है।
अगर सरकार बजट पेश करने की तारीख में बदलाव नहीं करती है तो रविवार को संसद की कार्यवाही चलेगी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। कहा जा रहा है कि वित्तीय प्रक्रियाओं का चक्र और उनकी स्थिरता बनाए रखने के लिए सरकार रविवार को ही बजट पेश करेगी। ध्यान रहे पहले 28 फरवरी को बजट पेश होता है और तब इसके प्रावधानों को एक अप्रैल से लागू करने में समस्या आती थी। इसलिए एक फरवरी को बजट पेश किया जाने लगा।
