यह लाख टके का सवाल है क्योंकि सिंगापुर की पुलिस ने साजिश से इनकार किया है। सिंगापुर की पुलिस ने दूसरी बार इनकार किया है। पिछले दिनों वहां की पुलिस ने कहा कि दोहराया कि उसकी जांच में किसी तरह की साजिश की संकेत नहीं मिला है। सिंगापुर पुलिस बल यानी एसपीएफ ने गुरुवार, 18 दिसंबर को कहा कि उसकी जांच अभी चल रही है लेकिन अभी तक की जांच में किसी तरह के आपराधिक कृत्य या साजिश का कोई संकेत नहीं मिला है। उसकी ओर से एक अहम जांच अगले साल जनवरी या फरवरी में होगी।
गौरतलब है कि जुबिन गर्ग का निधन सिंगापुर में ही हुआ था। सिंगापुर की पुलिस वस्तुनिष्ठ और ईमानदार जांच के लिए प्रसिद्ध है। उसे कोई साजिश नहीं दिख रही है। लेकिन असम में चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके असम की पुलिस आरोपत्र भी दाखिल कर चुकी है। इसमें जुबिन के सचिव सिद्धार्थ शर्मा और सिंगापुर में पूर्वोत्तर महोत्सव के आयोजक श्यामकानु महंत भी शामिल हैं। असम पुलिस की हड़बड़ी पर इसलिए भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पहले दिन से कह रहे हैं कि हत्या हुई है और उसमें साजिश है। बिना किसी जांच के उन्होंने जुबिन गर्ग की मौत के तुरंत बाद ऐलान कर दिया था और उसी बात को उनकी पुलिस साबित करने में लगी है। ध्यान रहे असम में जुबिन गर्ग की मौत एक बड़ा मुद्दा है। अगले साल अप्रैल में विधानसभा चुनाव भी हैं।
