राज्यसभा की तस्वीर नहीं बदलेगी

Categorized as राजनीति

अगले साल राज्यसभा के दोवार्षिक चुनाव होने वाले हैं। अप्रैल, जून, जुलाई और नवंबर में कुल 71 सांसद रिटायर हो रहे हैं। उससे पहले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव हैं। इन पांच में से तीन राज्यों पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु की 14 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। पश्चिम बंगाल की पांच, तमिलनाडु की छह और असम की तीन सीटें अगले साल खाली होने वाली हैं। ये सभी सीटें अप्रैल में खाली हो रही हैं, जबकि विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया मई में पूरी होगी। इसलिए विधानसभा चुनाव के नतीजे चाहे जो हों राज्यसभा के नतीजे पर ज्यादा असर नहीं होने वाला है। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में एक एक सीट का फर्क आ सकता है। बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को एक सीट मिल सकती है और तमिलनाडु में अन्ना डीएमके एक सीट जीत सकती है। असम में तीसरी सीट पर जबरदस्त लड़ाई की संभावना है क्योंकि पिछली बार निर्दलीय उम्मीदवार अजित कुमार भुइयां को समर्थन देकर भाजपा ने चुनाव जिता दिया था। इस बार कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियां इस सीट पर जोर लगाएंगी।

तमिलनाडु में छह सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें से पांच सीटें सत्तारूढ़ डीएमके की हैं, जबकि एक सीट तमिल मनीला कांग्रेस के जीके वासन की है। यह सीट इस बार अन्ना डीएमके के खाते में जा सकती है। 234 के सदन में इस बार एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 33 वोट की जरुरत है। अन्ना डीएमके और भाजपा के पास 64 सीटें हैं। इस नाते वे एक सीट जीत सकते हैं। बाकी पांच सीटें डीएमके को मिलेंगी। हो सकता है कि कांग्रेस एक सीट के लिए दबाव बनाए। उधर पश्चिम बंगाल में खाली हो रही पांच में से एक सीट भाजपा को मिल सकती है। अभी पांच में से चार सीटें ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के पास हैं, जबकि एक सीट सीपीएम के बिकास रंजन भट्टाचार्य की है। 294 के सदन में एक सीट जीतने के लिए 43 वोट की जरुरत है। 65 विधायकों के साथ भाजपा एक सीट जीत सकती है। सो, जिन राज्यों में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं वहां से कोई तस्वीर नहीं बदलेगी।

गौरतलब है कि अगले साल राज्यसभा की कुल 71 सीटें खाली हो रही हैं। इनमें से 37 सीटें अप्रैल में खाली होंगी, जबकि 22 सीटें जून में, एक सीट जुलाई में और 11 सीटें नवंबर में खाली होंगी, जिनमें से यूपी की 10 और उत्तराखंड की एक सीट है। अप्रैल में जो सीटें खाली हो रही हैं उनमें सबसे ज्यादा सात सीट महाराष्ट्र की है। वहां महाविकास अघाड़ी यानी कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिव सेना और शरद पवार की एनसीपी को बड़ा झटका लगेगा। उनके पास चार सीटें हैं और इस बार सिर्फ एक सीट मिल पाएगी। कांग्रेस को एक सीट का नुकसान होगा लेकिन उसकी भरपाई हरियाणा से हो जाएगी। हरियाणा में दो सीटें खाली हो रही हैं। दोनों भाजपा की हैं। इनमें से एक सीट कांग्रेस को मिल सकती है। कांग्रेस को छत्तीसगढ़ में खाली हो रही दो में से एक सीट मिल सकती है। दोनों सीटें अभी भाजपा के पास हैं। गुजरात में कांग्रेस को अपनी इकलौती सीट गंवानी पड़ेगी। तेलंगाना की दोनों खाली हो रही सीटें कांग्रेस की हैं। भाजपा को ओडिशा में एक सीट का फायदा हो सकता है। वहां बीजू जनता दल को और आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस को नुकसान होगा। बाकी राज्यों में यथास्थिति रहेगी। अगर राज्यवार देखें तो महाराष्ट्र में सात, तमिलनाडु में छह, पश्चिम बंगाल में पांच, बिहार में पांच, ओडिशा में चार, गुजरात, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में चार-चार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और असम में तीन-तीन, हरियाणा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना में दो-दो, और मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और झारखंड में एक-एक सीटी खाली हो रही है।


Previous News Next News

More News

ईरान युद्ध का लक्ष्य कैसे हासिल होगा?

March 4, 2026

पुरानी कहावत है कि ‘चुनाव से पहले, युद्ध के दौरान और शिकार के बाद सबसे ज्यादा झूठ बोले जाते हैं’। सो, ईरान में युद्ध चल रहा है और झूठ की चौतरफा बौछार हो रही है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पेंटागन में प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि युद्ध अमेरिका ने शुरू नहीं किया…

भारत तेल भंडार की चिंता में

March 4, 2026

नई दिल्ली। भारत के पास कच्चे तेल का भंडार कम हो रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के पास सिर्फ 25 दिन के कच्चे तेल और रिफाइंड का भंडार है। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के हमले के बाद तेल की आपूर्ति बाधित हुई है। गौरतलब है कि भारत की जरुरत का करीब 40…

ट्रंप ने दांवा किया ईरान बातचीत चाहता है

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के चौथे दिन मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरान बातचीत करना चाहता है लेकिन अब बहुत देर हो गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान की वायु और नौसैनिक क्षमता पूरी तरह से खत्म हो गई…

ईरान में आठ सौ लोगों की मौत

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले में पिछले चार दिन में करीब आठ सौ लोगों की मौत हो चुकी है। पहले दिन हुए हमले में एक स्कूल में करीब डेढ़ सौ छात्राओं की मौत हो गई थी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हुआ।…

पटरी पर लौटा रिश्ता

March 4, 2026

मार्क कार्नी की सोच है कि जब बड़ी ताकतें अंतरराष्ट्रीय व्यवहार के कायदों को ठोकर मार रही हैं, मध्यम दर्जे की ताकतों को आपस में मिलकर अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए। भारत यात्रा में उनकी ये सोच प्रतिबिंबित हुई। मार्क कार्नी की भारत यात्रा का सार है कि नए हालात के बीच भारत और…

logo