नई दिल्ली। एक्जिट पोल के अनुमानों के मुताबिक असम और तमिलनाडु में यथास्थिति रहेगी, जबकि केरल में सत्ता बदल सकती है। कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व वाले यूडीएफ की केरल की सत्ता में वापसी हो सकती है। बुधवार, 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के दूसरे और आखिरी चरण का मतदान समाप्त होने के बाद सर्वे करने वाली एजेंसियों और मीडिया समूहों ने एक्जिट पोल के अनुमान जारी किए। उनके मुताबिक तमिलनाडु में एमके स्टालिन की पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी तो असम में हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में एक बार फिर भाजपा सत्ता में लौटेगी। केरल में मामूली बढ़त के साथ कांग्रेस की सत्ता में वापसी हो सकती है।
तमिलनाडु में नौ में से पांच एजेंसियों ने डीएमके के नेतृत्व वाले सेकुलर प्रोग्रेसिव अलायंस के जीतने का अनुमान जताया है। पीपुल्स पल्स, मैटराइज, पी मार्क, पीपुल्स इनसाइट और प्रज्ञा पोल ने डीएमके को पूर्ण बहुमत की बात कही है। जेवीसी टाइम्स नाऊ और वोट वाइब्स ने अन्ना डीएमके के नेतृत्व वाले एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान जताया है। एक्सिस माई इंडिया का आकलन बाकी सबसे अलग है। उसने फिल्म अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान जताया है। अगर सभी एक्जिट पोल का औसत यानी पोल ऑफ द पोल्स की बात करें तो डीएमके को 118, अन्ना डीएमके को 34 और टीवीके को 34 सीटें मिलेंगी। राज्य की 234 सदस्यों की विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 का है।
अगर केरल की बात करें तो सभी सात एक्जिट पोल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। वोट वाइब्स, मैटराइज, एक्सिस माई इंडिया, पीपुल्स पल्स, पी मार्क, पीपुल्स इनसाइट और जेवीसी टाइम्स नाऊ ने यूडीएफ को बहुमत मिलने का अनुमान जताया है। इन सातों एजेंसियों के पोल का औसत यानी पोल ऑफ द पोल्स के मुताबिक यूडीएफ को 76 सीटें मिलेंगी। राज्य में 140 सदस्यों की विधानसभा में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 71 सीट का है। सभी सर्वेक्षणों के मुताबिक केरल में भाजपा का खाता खुल सकता है।
असम में 11 एजेंसियों का एक्जिट पोल आया है और सबने भाजपा की सरकार बनने का अनुमान जताया है। ज्यादातर एजेंसियों के मुताबिक भाजपा अकेले अपने दम पर बहुमत हासिल कर सकती है। गौरतलब है कि 126 सदस्यों की विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 64 सीट का है। भाजपा अकेले 64 सीट हासिल कर सकती है। ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा। उसके साथ गठबंधन में असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट दोनों शामिल हैं। इन 11 एजेंसियों के पोल का औसत यानी पोल ऑफ दो पोल्स कहता है कि भाजपा गठबंधन 90 सीटों पर जीतेगा, जबकि कांग्रेस गठबंधन को 29 सीटें मिलेंगी। अन्य के खाते में सात सीटें जा सकती हैं।
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में चार एजेंसियों ने एक्जिट पोल किया है। चारों का कहना है कि राज्य में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। रंगास्वामी की पार्टी एनआर कांग्रेस के नेतृत्व में एनडीए चुनाव लड़ रहा है। उसे 30 सदस्यों की विधानसभा में 20 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस गठबंधन आठ सीटों पर सिमट सकती है। दो सीटें अन्य के खाते में जाएंगी।
