कांग्रेस पार्टी कई राज्यों में नया प्रदेश अध्यक्ष बनाने जा रही है। इसमे सबसे पहले केरलम में फैसला हो सकता है। जानकार सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी केरलम में अपनी पसंद के नेता को अध्यक्ष बनवाएंगे। यह भी कहा जा रहा है कि जिस तरह से उन्होंने तमिलनाडु में पार्टी के सबसे मुखर नेताओं में से एक और अपने करीबी मणिक्कम टैगोर को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है वैसे ही केरलम में भी अपने करीबी सांसद को अध्यक्ष बनवा सकते हैं। गौरतलब है कि केरल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ हैं, जिन्होंने के सुधाकरण की जगह ली। लेकिन राज्य में वीडी सतीशन की सरकार बनने के बाद वे बिजली मंत्री बना दिए गए। इसलिए पार्टी को नया अध्यक्ष बनाना है।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी की पसंद कोडाइकुनिल सुरेश हैं। सुरेश केरल के सबसे पुराने कांग्रेस नेताओं में से एक हैं। वे आठ बार लोकसभा के सांसद रहे हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में जब मल्लिकार्जुन खड़गे हार गए तो लोकसभा में कांग्रेस का नेता बनाने के लिए उनके नाम की चर्चा हुई थी। हालांकि उस समय अधीर रंजन चौधरी को नेता बना दिया गया था। के सुरेश अभी लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक हैं। अगर सुरेश को केरल का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है तो लोकसभा में कांग्रेस को नया मुख्य सचेतक नियुक्त करना होगा। कांग्रेस के जानकार सूत्रों के मुताबिक कुछ अन्य नामों पर भी चर्चा चल रही है और केसी वेणुगोपाल किसी नए चेहरे को लाने के पक्ष में बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है बेनी बेहनन, शफी पराम्बिल, एंटो एंटनी, जोसेफ वझाक्कन और मैथ्यू कुजालनाडन में से भी किसी को चुना जा सकता है।
