नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले एक आश्चर्यजनक घटनाक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफा देने के बाद तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का प्रभार सौंपा गया है। गौरतलब है कि रवि बिहार के रहने वाले हैं और पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में बिहारी मतदाता हैं। लद्दाख के उप राज्यपाल कवींद्र गुप्ता ने भी इस्तीफा दे दिया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल बोस के इस्तीफे पर हैरानी जताई है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने अभी मुझे सूचित किया है कि आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया जा रहा है। ममता ने कहा कि उनसे कोई राय नहीं ली गई है। ये केंद्र का एकतरफा फैसला है। गौरतलब है कि पूर्व आईएएस अधिकारी बोस 23 नवंबर 2022 को बंगाल के राज्यपाल बने थे, जबकि भाजपा नेता कविंद्र गुप्ता ने 18 जुलाई 2025 को लद्दाख का कार्यभार संभाला था।
