नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल की जंग के कारण खाड़ी के अलग अलग देशों में फंसे भारतीयों की वापसी शुरू हो गई है। खाड़ी देशों में विमानों की सीमित सेवा शुरू हो गई है। मंगलवार को सात उड़ानें भारत पहुंचीं, जिनमें करीब 21 सौ भारतीय नागरिक वापस लौटे। इन्हें विशेष उड़ानों से लाया गया है। हालांकि ज्यादातर एयरस्पेस अब भी बंद हैं। इस वजह से मंगलवार को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू और चेन्नई से ढाई सौ से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें सबसे ज्यादा 110 के करीब उड़ानें मुंबई से और 80 के करीब उड़ानें दिल्ली से रद्द हुईं।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो दिन में खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर आठ खाड़ी देशों के नेताओं से बात की है। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को ओमान के सुल्तान, कतर के अमीर और कुवैत के क्राउन प्रिंस से फोन पर बात वहां हुए हमलों की निंदा की। प्रधानमंत्री मोदी ने तीनों देशों में हुए हमलों पर चिंता जताई और वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर बातचीत की। पिछले 48 घंटों में प्रधानमंत्री मोदी ने आठ देशों के नेताओं से बात की है।
