नई दिल्ली। ईरान के साथ चल रहे युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पुराने सहयोगी ब्रिटेन पर नाराजगी जताई है। गौरतलब है कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अमेरिका को हिंद महासागर में मौजूद अपना मिलिट्री बेस डिएगो गॉर्सिया देने में देर की। अमेरिका जंग के पहले दिन ही इस ठिकाने से ईरान पर हमला करना चाहता था। लेकिन ब्रिटेन ने 48 घंटे बाद इसकी इजाजत दी और कहा कि अमेरिका को यहां से सिर्फ ईरान के मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाने की इजाजत होगी। ब्रिटेन के इस रुख को लेकर ट्रंप ने कहा है कि वे ब्रिटिश पीएम से बेहद निराश है।
इस बीच ईरान के साथ जारी जंग में एक और अमेरिकी सैनिक की मौत हो गई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि चौथा सैनिक ईरान के शुरुआती हमलों में गंभीर रूप से घायल हुआ था और बाद में उसकी मौत हो गई। एक दिन पहले रविवार को सेंट्रल कमांड ने तीन अन्य अमेरिकी सैनिकों की मौत की पुष्टि की थी। अब तक इस जंग में चार अमेरिकी सैनिकों की जान जा चुकी है।
