नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सीधा मोर्चा लेने वाले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा के बाद अब कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत दौरे पर आ रहे हैं। बताया गया है कि मार्क कार्नी 26 फरवरी को भारत आ रहे हैं। वैसे वे एक हफ्ते से ज्यादा की विदेश यात्रा पर निकल रहे हैं। भारत के अलावा कार्नी ऑस्ट्रेलिया और जापान की यात्रा पर भी जाएंगे। वे 26 फरवरी से सात मार्च तक विदेश दौरे पर रहेंगे।
मार्क कार्नी ने अपनी नौ दिन की विदेश यात्रा का खुद ऐलान किया है। गौरतलब है कि भारत और कनाडा के संबंधों में पिछले कुछ समय से तनाव आ गया था। हालांकि जस्टिन ट्रूडो के हटने के बाद संबंधों में सुधार शुरू हो गया था। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध बहाल हो गए थे और वीजा सेवाएं भी शुरू हो गई थीं। बहरहाल, माना जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से टैरिफ बढ़ाने के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री भी अपने व्यापारि संबंधों में विविधता लाने के लिए दौरे कर रहे हैं।
उनकी इस भारत यात्रा का मकसद व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और रक्षा क्षेत्रों में नए अवसर बनाना है। प्रधानमंत्री कार्नी का हिंद प्रशांत क्षेत्र में अपने देश के तीन सबसे मजबूत साझेदार देशों की यात्रा से क्षेत्रीय संबंधों को भी मजबूत करने पर जोर देंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की तरह प्रधानमंत्री कार्नी भी अपनी भारत यात्रा के दौरान सबसे पहले मुंबई जाएंगे और फिर नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि दोपक्षीय वार्ता में दोनों नेता व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और एआई, प्रतिभा और संस्कृति के साथ ही रक्षा क्षेत्रों में नई साझेदारी को लेकर चर्चा करेंगे।
