बांग्लादेश में तारिक बनेंगे पीएम

Categorized as समाचार

नई दिल्ली। बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी यानी बीएनपी ने बड़ी जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद पार्टी के प्रमुख तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना तय हो गया है। 17 साल के निर्वासन के बाद 25 जनवरी 2026 को ढाका लौटे तारिक रहमान महज 20 दिन के बाद प्रधानमंत्री की कुर्सी पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश को 35 साल के बाद पुरुष प्रधानमंत्री मिलने जा रहा है। इसे खालिदा जिया और शेख हसीना दौर की अंत माना जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले ही महीने खालिदा जिया का निधन हुआ, जबकि शेख हसीना तख्तापलट के बाद भारत में रह रही हैं।

बहरहाल, बांग्लादेश की तीन सौ सदस्यों की संसद की 299 सीटों पर चुनाव हुए थे, जिनमें से बीएनपी ने 213 सीटें जीत कर विशाल बहुमत हासिल किया है। जमात ए इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन के 77 सीटें मिली हैं। तारिक रहमान दो सीटों से चुनाव लड़े थे और दोनों जगह से जीते हैं। दूसरी ओऱ जमात के नेता शफीकुर रहमान भी अपनी सीट से चुनाव जीत गए हैं। शेख हसीना का तख्ता पलट करने के लिए हुए आंदोलन से निकली सिटिजन पार्टी को सिर्फ छह सीटें मिली हैं। यह पार्टी जमात ए इस्लामी के साथ मिल कर चुनाव लड़ी थी।

चुनाव नतीजों के बाद देश में करीब 20 साल बाद बीएनपी की सरकार बनेगी। 2008 से 2024 तक यानी लगातार 16 साल तक शेख हसीना की आवामी लीग सत्ता में थी। 2024 में तख्तापलट के बाद शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा था। बांग्लादेश में 35 साल बाद कोई पुरुष प्रधानमंत्री बनेगा। आखिरी बार 1988 में काजी जफर अहमद प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद 1991 से 2024 तक शेख हसीना और खालिदा जिया ही प्रधानमंत्री बनते रहे।

संसदीय चुनावों के साथ साथ जुलाई चार्टर पर जनमत संग्रह भी हुआ था। इसमें 68.06 फीसदी लोगों ने चार्टर का समर्थन किया है। इसमें प्रधानमंत्री पद दो कार्यकाल के लिए निर्धारित करने के साथ साथ कई सुधारों का वादा किया गया है। इसमें संसद में एक उच्च सदन की स्थापना, महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने जैसे कई सुधारवादी कदम उठाने की बात है।

बहरहाल, तारिक रहमान की पार्टी ने अपने चुनाव घोषणापत्र में वादा किया था कि उनकी सरकार बनी तो वह अल्पसंख्यकों की संपत्ति और उनके जीवन की सुरक्षा के लिए कानून बनाएगी। माना जा रहा है कि इस वादे की वजह से और शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के चुनाव मैदान में नहीं होने की वजह से एक करोड़ हिंदू मतदाताओं का समर्थन बीएनपी को मिला। अवामी लीग के गढ़ रहे गोपालगंज के अलावा खुलना, सिलहट, चटगांव, ठाकुरगंज बीएनपी को बड़ी जीत मिली है। गौरतलब है कि बांग्लादेश की मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने अवामी लीग के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी। उसके नहीं होने से उसके समर्थकों ने भी बीएनपी को वोट किया। जमात और सिटिजन पार्टी को रोकने के लिए लोगों ने वोट डाला। चुनाव नतीजों के बाद बीएनपी नेताओं ने शेख हसीना को वापस लाने और उन पर मुकदमा चलाने की मांग की है लेकिन साथ ही भारत के साथ संबंध सुधार का वादा भी किया है।


Previous News Next News

More News

दो बंगाली मानुष नीति आयोग में

April 26, 2026

भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव या किसी भी राज्य में विधानसभा चुनाव के समय जितनी तरह का माइक्रो मैनेजमेंट करती है वह हैरान करने वाला होता है। इस समय पश्चिम बंगाल में विधानसभा का चुनाव चल रहा है तो पार्टी के अलावा केंद्र सरकार की पूरी मशीनरी किसी न किसी रूप में चुनाव को प्रभावित…

उद्धव ठाकरे जाएंगे विधान परिषद!

April 26, 2026

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिव सेना और कांग्रेस पार्टी ने मिल कर शरद पवार को राज्यसभा भेजा। अब कांग्रेस पार्टी और शरद पवार की एनसीपी मिल कर उद्धव ठाकरे को विधान परिषद में भेजेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने उद्धव ठाकरे से अपील की है…

राहुल अंडमान की यात्रा पर जा रहे हैं

April 26, 2026

पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस सुप्रीमो राहुल गांधी अंडमान निकोबार द्वीप की यात्रा पर जा रहे हैं। वे 26 से 28 फरवरी तक इस खूबसूरत द्वीप समूह की यात्रा करेंगे। पार्टी की ओर से बताया गया है कि वे वहां के स्थानीय लोगों और खास कर अनुसूचित जनजाति के लोगों…

बंगाल में राहुल की बेमतलब अपील

April 26, 2026

ममता बनर्जी की पार्टी के कई बड़े नेता राहुल गांधी और कांग्रेस से नाराज हैं। उनकी नाराजगी पहले से थी कि कांग्रेस ने अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर से चुनाव लड़ने के लिए उतारा। वे करीब तीन दशक के बाद विधानसभा का चुनाव लड़े हैं। इसी तरह तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद मौसम बेनजीर नूर…

बदलाव की बयार आंधी में बदलेगी!

April 26, 2026

मतदान के इतने भारी भरकम आंकड़े का जो पहला मैसेज लोगों तक पहुंचा वह ये है कि लोग बदलाव चाहते हैं और परिवर्तन के लिए इतनी बड़ी संख्या में निकल कर वोट कर रहे हैं। दूसरा मैसेज यह है कि चुनाव आयोग की ओर से कराई गई एसआईआर के कारण फर्जी मतदाताओं के नाम कट…

logo