नई दिल्ली। डोनाल्ड ट्रंप अब अमेरिका के साथ साथ वेनेजुएला के भी राष्ट्रपति हैं। उन्होंने अपने को वेनेजुएला का कार्यकारी राष्ट्रपति बताया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट की है, जिसमें उनकी तस्वीर के साथ एक्टिंग प्रेसिडेंट ऑफ वेनेजुएला यानी वेनेजुएला का अंतरिम राष्ट्रपति लिखा है। इस पोस्ट में जनवरी 2026 से पद संभालने का जिक्र है। इसके साथ ही ट्रंप ने खुद को अमेरिका के 45वें और 47वें राष्ट्रपति के तौर पर भी दिखाया है।
उनकी इस पोस्ट को लेकर व्हाइट हाउस या अमेरिकी प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक बयान नहीं जारी किया गया है। गौरतलब है कि तीन जनवरी को अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। अमेरिका की डेल्टा फोर्स ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लिया था और उनको न्यूयॉर्क लाया गया।
इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वेनेजुएला का प्रशासन अमेरिका ही चलाएगा। उन्होंने कहा कि यह तब तक चलेगा, जब तक वहां सुरक्षित सत्ता परिवर्तन नहीं हो जाता। ट्रंप का कहना है कि वे यह जोखिम नहीं चाहते कि कोई ऐसा व्यक्ति सत्ता में आए जो वेनेजुएला के लोगों के हितों का ध्यान न रखे। गौरतलब है कि मादुरो के सत्ता से हटने के बाद वेनेजुएला की उप राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को पिछले हफ्ते देश की अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई थी।
