नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। विपक्षी नेताओं के साथ साथ भाजपा की वरिष्ठ नेता और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि जान की कीमत दो लाख रुपए नहीं होती है। उन्होंने कहा कि इसके दोषियों को अधिकतम सजा देनी होगी। उमा भारती ने मुख्यमंत्री का नाम लेकर कहा कि मोहन यादव के लिए परीक्षा की घड़ी है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों की मौत पर कहा, ‘इंदौर में पानी नहीं, जहर बंटा और प्रशासन कुंभकर्णी नींद में रहा। लोगों ने बार बार गंदे, बदबूदार पानी की शिकायत की। फिर भी सुनवाई क्यों नहीं हुई, जिम्मेदार अफसरों और नेताओं पर कार्रवाई कब होगी? ये ‘फोकट’ सवाल नहीं, ये जवाबदेही की मांग है’। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा, ‘मोदीजी हमेशा मौतों पर चुप रहते हैं’।
