आपराधिक न्याय की धज्जियां

Categorized as संपादकीय

यह पहला मौका नहीं है, जब ऐसा हुआ हो। इस मामले में बात सिर्फ यह है कि हमारी आपराधिक न्याय व्यवस्था मानव चेतना को आहत करने वाले एक कांड में भी दोषियों तक कानून के हाथ नहीं पहुंचा सकी।

हृदयविदारक निठारी कांड का अभियुक्त सुरिंदर कोली सुप्रीम कोर्ट से बरी होकर जेल से बाहर आ गया है। इस तरह 19 वर्ष पहले जिस कांड के सामने आने से सारा देश हिल गया था, उसमें कोई अपराधी साबित नहीं हुआ। घटना असाधारण थी। इसमें कम-से-कम 16 महिलाओं और बच्चों की बलात्कार के बाद हत्या की गई। नोएडा के पास निठारी गांव में एक आलीशान बंगले के पीछे के ड्रेनेज से पीड़ितों के अवशेष बरामद होने से मामला सामने आया। तब तक रहस्यमय ढंग से गायब हुए बच्चों और महिलाओं के परिजन दर-दर की ठोकरें खा रहे थे। जब घटना में मानव भक्षण के संकेत भी मिले, तो लोगों की रूह कांप गई।

पुलिस ने कुल 13 मुकदमे दर्ज किए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंपी गई। मगर अब साफ है कि सीबीआई ने खुद से नए सिरे से साक्ष्य जुटाने के बजाय पुलिस जांच को ही आगे बढ़ाया, जिसमें अनेक खामियां थीं। नतीजतन, 12 मामले कोर्ट में नहीं टिके। 13वें मामले में कोली को सजा हुई। बंगले का मालिक मोनिंदर सिंह पांधेर बच निकला। अब सुप्रीम कोर्ट इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि इकबालिया बयान और दोषपूर्ण साक्ष्य के कारण 12 मामले न्यायिक परीक्षण में नहीं टिके, तो 13वें में भी सजा सुनाने का भी कोई आधार नहीं बचता, क्योंकि साक्ष्य वही हैं।

नतीजा है कि इतने बड़े कांड में कोई दोषी साबित नहीं हुआ। यह भारत की आपराधिक न्याय व्यवस्था की धज्जियां उड़ना नहीं है, तो इसे क्या कहा जाएगा? बच्चों और महिलाओं की हत्या हुई, यह निर्विवाद है। पीड़ितों के परिजन मौजूद हैं, जो ताजा घटनाक्रम से खुद को ठगे गए महसूस कर रहे होंगे। आखिर उन्हें किसने ठगा? जाहिर है, पुलिस, सीबीआई और अभियोग पक्ष ने अपना काम ठीक से नहीं किया। उन्होंने अकाट्य सबूत नहीं जुटाए और कोर्ट को स्वीकार्य दलीलें पेश नहीं कीं। मगर यह पहला मौका नहीं है, जब ऐसा हुआ हो। इस मामले में बात सिर्फ यह है कि हमारी आपराधिक न्याय व्यवस्था मानव चेतना को आहत करने वाले एक कांड में भी दोषियों तक कानून के हाथ नहीं पहुंचा सकी।


Previous News Next News

More News

ईरान युद्ध का लक्ष्य कैसे हासिल होगा?

March 4, 2026

पुरानी कहावत है कि ‘चुनाव से पहले, युद्ध के दौरान और शिकार के बाद सबसे ज्यादा झूठ बोले जाते हैं’। सो, ईरान में युद्ध चल रहा है और झूठ की चौतरफा बौछार हो रही है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पेंटागन में प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि युद्ध अमेरिका ने शुरू नहीं किया…

भारत तेल भंडार की चिंता में

March 4, 2026

नई दिल्ली। भारत के पास कच्चे तेल का भंडार कम हो रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के पास सिर्फ 25 दिन के कच्चे तेल और रिफाइंड का भंडार है। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के हमले के बाद तेल की आपूर्ति बाधित हुई है। गौरतलब है कि भारत की जरुरत का करीब 40…

ट्रंप ने दांवा किया ईरान बातचीत चाहता है

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के चौथे दिन मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरान बातचीत करना चाहता है लेकिन अब बहुत देर हो गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान की वायु और नौसैनिक क्षमता पूरी तरह से खत्म हो गई…

ईरान में आठ सौ लोगों की मौत

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले में पिछले चार दिन में करीब आठ सौ लोगों की मौत हो चुकी है। पहले दिन हुए हमले में एक स्कूल में करीब डेढ़ सौ छात्राओं की मौत हो गई थी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हुआ।…

पटरी पर लौटा रिश्ता

March 4, 2026

मार्क कार्नी की सोच है कि जब बड़ी ताकतें अंतरराष्ट्रीय व्यवहार के कायदों को ठोकर मार रही हैं, मध्यम दर्जे की ताकतों को आपस में मिलकर अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए। भारत यात्रा में उनकी ये सोच प्रतिबिंबित हुई। मार्क कार्नी की भारत यात्रा का सार है कि नए हालात के बीच भारत और…

logo