भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब सीट के सांसद रविशंकर प्रसाद ने बांकीपुर विधानसभा सीट का चुनाव नतीजा आने के बाद सफाई दी। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उन्होंने कभी भी यह नहीं कहा था कि भाजपा बांकीपुर से कुत्ते, बिल्ली को भी खड़ा कर देगी तो वह चुनाव जीत जाएगा। सोचें, जिस एक लाइन पर प्रशांत किशोर ने पूरा चुनाव कैम्पेन प्लान किया था और एक महीने तक प्रचार किया था, भाजपा के नेता कह रहे हैं कि वह बात ही झूठ है। तभी सवाल है कि जब यह बात झूठ है तो भाजपा या रविशंकर प्रसाद ने चुनाव प्रचार के दौरान इसका खंडन क्यों नहीं किया? चुनाव चल रहा था और इस बात की चर्चा हो रही थी, आम लोग भी कह रहे थे कि भाजपा का यह अहंकार तोड़ना है कि वह जिसको चाहेगी उसको खड़ा करके चुनाव जीत लेगी, उस समय भाजपा की ओर से यह सफाई क्यों नहीं दी गई?
कई जानकार खास कर सोशल मीडिया के जानकार और भाजपा के नेता भी इसे कम्युनिकेशन की कमजोरी बता रहे हैं। उनका कहना है कि हाल के दिनों में भाजपा की कम्युनिकेशन क्लैरिटी खऱाब हुई है। वह नैरेटिव नहीं बना रही है और निगेटिव नैरेटिव का जवाब भी नहीं दे पा रही है। यह भी कहा जा रहा है कि जंतर मंतर पर हुए ‘जेन जी’ आंदोलन में भी ऐसा ही हुआ। इसके पीछे यह दलील दी जा रही है कि नई पीढ़ी सोशल मीडिया में ज्यादा सक्रिय है और उसके पास अपना एक इकोसिस्टम है। हो सकता है कि इस बात में कुछ सचाई हो कि भाजपा कम्युनिकेशन में पिछड़ रही है। कई लोग मानते हैं कि हीरेन जोशी प्रकरण के बाद से भाजपा की यह स्थिति बनी है। लेकिन बांकीपुर का मामला तो इससे अलग है। वह नई पीढ़ी के नैरेटिव बनाने का मामला नहीं है। वह विशुद्ध रूप से राजनीतिक मामला है, जो भाजपा के प्रतिद्वंद्वी प्रशांत किशोर ने बनाया था।
तभी ऐसा लग रहा है कि भाजपा असल में इस बात को साबित करना चाहती थी कि वह कुता, बिल्ली किसी के गले में भाजपा का पट्टा पहना कर बांकीपुर में उतारेगी और चुनाव जीत जाएगी। इसलिए उसने पूरे चुनाव में प्रशांत किशोर के बनाए इस नैरेटिव का जवाब नहीं दिया। उलटे भाजपा ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बना कर यह मैसेज भी दिया कि प्रशांत किशोर के नैरेटिव को मजबूती मिले।
भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा की कोई राजनीतिक हैसियत नहीं है। उनका कोई राजनीतिक प्रशिक्षण भी नहीं है। वे बहुत कम पढ़े लिखे हैं। उनको जनता से बात करना नहीं आता और वे पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं दे पा रहे थे। उनके खिलाफ बहुत मजबूती से यह आरोप लगा कि शराबबंदी वाले प्रदेश में वे शराब की घर घर डिलीवरी के काम से जुड़े थे। इस बैकग्राउंड से पता चलता है कि भाजपा ने जान बूझकर ऐसा उम्मीदवार दिया था ताकि उसकी यह बात प्रमाणित हो कि वह जिसको चाहेगी उसके बांकीपुर से जिता लेगी। तभी चुनाव प्रचार के बीच न तो रविशंकर प्रसाद ने सफाई दी और न भाजपा के किसी दूसरे नेता ने सफाई दी। उलटे प्रचार के बीच भाजपा के एक नेता ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि नीरज सिन्हा को इसलिए टिकट दिया गया ताकि उनके जैसे नेता से प्रशांत किशोर को हरवा दिया जाए। अगर पीके वैसे नेता से हारेंगे को मुंह दिखाने के लायक नहीं रहेंगे। चुनाव प्रचार के दौरान सफाई इसलिए भी नहीं दी गई क्योंकि भाजपा मान रही थी कि वह इसके बावजूद चुनाव जीत जाएगी।
