जो काम कोई नहीं कर सका वह गौतम अडानी ने कर दिया। वे रविवार को बारामती पहुंचे थे, जहां उन्होंने शरदचंद्र पवार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके एक तरफ शरद पवार थे तो दूसरी ओर अजित पवार थे। गौतम अडानी की पत्नी प्रीति अडानी भी कार्यक्रम में मौजूद थीं और कार्यक्रम का संचालन कर रही थीं बारामती की सांसद व शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले। सो, परफेक्ट मैदान सजा था। सुप्रिया सुले ने गौतम अडानी को भाई और उनकी पत्नी को भाभी बताया और बड़े प्यार व सम्मान से दोनों को संबोधित किया। इस मौके पर शरद पवार ने अडानी के सफर को याद किया और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया तो गौतम अडानी ने आगे बढ़ कर शरद पवार को अपना मेंटॉर बता दिया। उसी मंच से अजित पवार ने दोनों परिवारों के एक होने का ऐलान भी कर दिया, जिसके बाद खबर आई कि पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम का चुनाव दोनों पार्टियां मिल कर लड़ेंगी।
इसके बाद उद्धव ठाकरे की शिव सेना के नेता संजय राउत ने दावा किया कि गौतम अडानी ने ही ढाई साल पहले शरद पवार की पार्टी तुड़वायी थी। अब वे ही फिर से परिवार को एक करने का काम भी कर रहे हैं। याद करें ढाई साल पहले की तस्वीरें, जब अडानी दो बार मुंबई में शरद पवार से उनके घर पर मिलने गए थे। कहा जा रहा है कि एक योजना के तहत पवार की पार्टी टूटी और अब फिर पार्टी एक हो रही है। अब यह सिर्फ समय की बात है कि पार्टी और परिवार कब एकजुट होता है। लेकिन उसका मैदान तैयार हो गया है। प्रदेश में अजित पवार के हाथ में कमान रहेगी और सुप्रिया सुले राष्ट्रीय राजनीति करेंगी। अब वैसे भी गौतम अडानी के मेंटॉर शरद पवार कितने दिन तक राहुल गांधी के साथ राजनीति कर पाएंगे? वैसे शरद पवार के जन्मदिन की पार्टी में राहुल की मुलाकात भी गौतम अडानी से हो चुकी है।
