गडकरी ट्रोलिंग का नया टारगेट हैं

Categorized as राजनीति

भारतीय जनता पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं होने की कहानियां अब पुरानी भी हो गईं और थम भी गई हैं। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने 75 साल में रिटायर होने वाले सिद्धांत को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुल कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन से फिर दोस्ती कर ली है। यह भी तय हो गया है कि भाजपा का संगठन वही चलाएगा, जिसको नरेंद्र मोदी चाहेंगे। उत्तर प्रदेश और गुजरात सहित दूसरे राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति जब मोदी चाहेंगे तब होगी। चाहे उप राष्ट्रपति चुनाव के बाद हो या बिहार चुनाव के बाद हो, कोई फर्क नहीं पड़ता है। मंत्रिपरिषद का विस्तार भी जब होना होगा तब होगा। इन सबके बीच एक नया घटनाक्रम यह है कि राइटविंग ट्रोलर्स का नया निशाना नितिन गडकरी हैं। पिछले कुछ दिनों से उनको हर बात के लिए टारगेट किया जा रहा है। टोल टैक्स के लिए, इथेनॉल ब्लेंडिंग के लिए, एनएचएआई पर बढ़ते कर्ज के लिए, बेटों की इथेनॉल फैक्टरी के लिए, देश की सड़कों को अमेरिका की तरह बना देने के दावों के लिए, उनके हर बात के लिए ट्रोल किया जा रहा है।

एक समय था, जब नितिन गडकरी सबसे चहेते मंत्री थे। भाजपा के समर्थकों के बीच उनकी गजब लोकप्रियता थी। सब मानते थे कि एक यही मंत्री है, जो काम कर रहा है और जिसने पूरे देश की सड़कों का कायाकल्प कर दिया। लेकिन फिर उन्होंने परोक्ष रूप से मोदी सरकार के कामकाज और फैसलों पर सवाल उठाने शुरू किए। उनके बारे में सूत्रों के हवाले से खबर आई और यह खबर भी भाजपा व संघ से जुड़े लोगों ने ही फैलाई कि अगर 17 सितंबर को 75 साल का होने पर नरेंद्र मोदी इस्तीफा नहीं देंगे तो नितिन गडकरी नैतिकता के आधार पर उनकी सरकार से इस्तीफा दे देंगे। इस तरह की खबरें प्रचारित होने के बाद ही उनकी ट्रोलिंग शुरू हुई।

उनका मजाक बनाने, उनके ऊपर मीम्स बनाने और उनके मंत्रालय के कामकाज पर सवाल उठाने का काम व्यवस्थित तरीके से कम से कम एक दर्जन लोकप्रिय सोशल मीडिया हैंडल्स से किया जा रहा है। ये सब राइटविंग को प्रमोट करने वाले अकाउंट्स हैं। इसके अलावा घोषित राइटविंग समर्थक इनफ्ल्यूएंसर्स ने भी गडकरी को टारगेट किया। सबसे पहले यह प्रचार शुरू हुआ कि गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआई को कर्ज में डुबो दिया। कहा गया कि प्रधानमंत्री से उनकी नहीं बन रही है इसलिए उनके मंत्रालय के बजट में कटौती कर दी गई है। इसके बाद शुरू हुई टोल टैक्स के लिए ट्रोलिंग। अगर कोई इसको लेकर बने मीम्स की संख्या गिने तो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो जाए। गडकरी को टोल किंग बताया गया और फिल्मी डायलॉग्स के आधार पर टोल से जुड़े डायलॉग्स बनाए गए। ऐसा लगा, जैसे गडकरी टोल वसूल कर अपनी जेब भर रहे हैं। टोल की नीति के लिए किसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना नहीं साधा। समूचा हमला गडकरी पर हुआ।

इसके बाद यह खबर आई कि ईंधन में इथेनॉल मिलाने से गाड़ियों के इंजन पर असर हो रहा है और उनकी माइलेज बिगड़ रही है। इस शोध के आधार पर गडकरी फिर निशाने पर आए। हालांकि 2030 तक 20 फीसदी इथेनॉल ब्लेंडिंग का फैसला सरकार का था, जिसे 2025 तक ही पूरा कर लिया गया। दूसरे गडकरी कभी भी पेट्रोलियम मंत्री नहीं रहे। लेकिन निशाना गडकरी बने। उनके बेटे की कंपनी का हवाला दिया गया और बताया गया कि सायन एग्रो उनके बेटे निखिल गडकरी की है, जिसके शेयरों के दाम 22 गुना बढ़ा है और कंपनी का राजस्व जो 2021 में 5,990 करोड़ था वह वह 2024 में 9,591 करोड़ हो गया। इस मसले पर गडकरी की ट्रोलिंग में भाजपा विरोधी और भाजपा समर्थक दोनों शामिल हैं। इसे लेकर हजारों यूट्यूब वीडियो बने हैं और लाखों पोस्ट फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम पर है। गडकरी पर सोशल मीडिया ट्रोल्स की यह मेहरबानी अनायास नहीं है। कहीं से तो उनको खबरें और हवा मिल रही है।


Previous News Next News

More News

ईरान युद्ध का लक्ष्य कैसे हासिल होगा?

March 4, 2026

पुरानी कहावत है कि ‘चुनाव से पहले, युद्ध के दौरान और शिकार के बाद सबसे ज्यादा झूठ बोले जाते हैं’। सो, ईरान में युद्ध चल रहा है और झूठ की चौतरफा बौछार हो रही है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पेंटागन में प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि युद्ध अमेरिका ने शुरू नहीं किया…

भारत तेल भंडार की चिंता में

March 4, 2026

नई दिल्ली। भारत के पास कच्चे तेल का भंडार कम हो रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के पास सिर्फ 25 दिन के कच्चे तेल और रिफाइंड का भंडार है। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के हमले के बाद तेल की आपूर्ति बाधित हुई है। गौरतलब है कि भारत की जरुरत का करीब 40…

ट्रंप ने दांवा किया ईरान बातचीत चाहता है

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के चौथे दिन मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरान बातचीत करना चाहता है लेकिन अब बहुत देर हो गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान की वायु और नौसैनिक क्षमता पूरी तरह से खत्म हो गई…

ईरान में आठ सौ लोगों की मौत

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले में पिछले चार दिन में करीब आठ सौ लोगों की मौत हो चुकी है। पहले दिन हुए हमले में एक स्कूल में करीब डेढ़ सौ छात्राओं की मौत हो गई थी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हुआ।…

पटरी पर लौटा रिश्ता

March 4, 2026

मार्क कार्नी की सोच है कि जब बड़ी ताकतें अंतरराष्ट्रीय व्यवहार के कायदों को ठोकर मार रही हैं, मध्यम दर्जे की ताकतों को आपस में मिलकर अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए। भारत यात्रा में उनकी ये सोच प्रतिबिंबित हुई। मार्क कार्नी की भारत यात्रा का सार है कि नए हालात के बीच भारत और…

logo