रहमान को भारत आने की जल्दी नहीं

Categorized as समाचार

नई दिल्ली। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा को लेकर बना सस्पेंस और गहरा गया है। बांग्लादेश की ओर से कहा गया है कि प्रधानमंत्री तारिक को भारत जाने की जल्दी नहीं है। यह बात खुद वहां के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के भारत दौरे को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं है। गौरतलब है कि भारत में उनकी यात्रा की तैयारी हो रही थी। तारिक रहमान के स्वागत समारोह के रिहर्सल के लिए राष्ट्रपति भवन की ओर से रविवार का चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी रद्द करने का प्रेस बयान भी जारी हुआ था। बाद में इसे वापस ले लिया गया।

बहरहाल, बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि बांग्लादेश भारत के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है, लेकिन अपने राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगा। हुमायूं कबीर ने कहा कि प्रधानमंत्री के भारत दौरे का फैसला दोनों देशों के बीच बातचीत और जरूरी तैयारियों के बाद होगा। गौरतलब है कि भारत ने तारिक रहमान को दोपक्षीय दौरे के लिए आमंत्रित किया है। लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत से प्रत्यर्पण की मांग के कारण मामला अटका है।

भारत की ओर से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन के आउटरीच सेशन में शामिल होने का न्योता भी मिला है। यह दौरा भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्ते सुधारने के लिए अहम माना जा रहा है। हालांकि इस पर भी अभी बहुत स्पष्टता नहीं है। बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री का पहला विदेश दौरा पारंपरिक रूप से भारत का होता था। लेकिन तारिक रहमान भारत की बजाय चीन गए थे।

गौरतलब है कि 2024 में शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ा हुआ है। अगस्त 2024 में तख्तापलट के बाद शेख हसीना भारत आ गई थीं। बाद में मोहम्मद यूनुस की सरकार के समय उनके ऊपर कई मुकदमे चले। उन्हें ढाका की इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने हत्या के लिए उकसाने और हत्या का आदेश देने के लिए मौत की सजा दी है। बाकी मामलों में उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।

इसे लेकर बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा भी दोनों देशों के बीच जारी बातचीत का हिस्सा है। भारत का कहना है कि वह बांग्लादेश के अनुरोध की कानूनी प्रक्रिया के तहत समीक्षा कर रहा है। इससे पहले पांच अगस्त को नई दिल्ली से एक वर्चुअल मीडिया कार्यक्रम में शेख हसीना ने कहा था कि वे दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी और देश को फिर से सही रास्ते पर लाने की कोशिश करेंगी।

इस बीच शनिवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बिना बांग्लादेश का नाम लिए कहा, ‘कोई भी रिश्ता तभी मजबूत और सफल होता है, जब उससे दोनों पक्षों को फायदा हो’। जयशंकर ने एक मीडिया समूह के कार्यक्रम में कहा, ‘भारत यह उम्मीद नहीं करता कि पड़ोसी देश सिर्फ उसके हितों के मुताबिक काम करें। जैसे भारत दूसरे देशों के हितों का सम्मान करता है, वैसे ही उम्मीद वह दूसरे देशों से रखता है’।


Previous News Next News

More News

राजनीति का विमर्श बदल रहा है

August 28, 2026

चुनावी राजनीति का विमर्श बदल रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी भले राजनीतिक दल नहीं बनी है और बने तो हो सकता है कि कामयाब नहीं हो पाए। लेकिन उसने देश के राजनीतिक विमर्श को बदल दिया है। जंतर मंतर पर सीजेपी के आंदोलन ने एक नए विमर्श को जन्म दिया है, जिसमें एजुकेशन,…

बिहार और उत्तर प्रदेश में अलर्ट

August 28, 2026

नई दिल्ली। नेपाल में बुधवार को आई बाढ़ के बाद नेपाल से सटे बिहार और उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल में एक और बाढ़ की चेतावनी के बाद दोनों सीमावर्ती राज्यों में चिंता बढ़ गई है। नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को अचानक आई बाढ़ के बाद बिहार के गंडक…

नेशनल लॉ स्कूल का दीक्षांत समारोह रद्द

August 28, 2026

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत को चीफ गेस्ट बनाए जाने के विरोध में छात्रों का विरोध बढ़ता जा रहा है। छात्रों के विरोध के कारण नेशनल लॉ स्कूल यानी एनएलएसआईयू, बेंगलुरु का दीक्षांत समारोह रद्द हो गया है। यह दीक्षांत समारोह 12 सितंबर को होने वाला था। यूनिवर्सिटी की ओर से 27…

भागवत की यूएस यात्रा से पहले बढ़ा विवाद

August 28, 2026

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत की अमेरिका यात्रा से पहले विवाद बढ़ गया है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी सहित कई व्यक्तियों और संगठनों ने उनकी यात्रा का विरोध किया है। इस बीच गुरुवार को अमेरिकन हिंदूज फॉर इंगेजमेंट एंड डायलॉग फोरम यानी अहेड का एक्स अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया…

परिसीमन पर खड़गे ने मोदी को लिखी चिट्ठी

August 28, 2026

नई दिल्ली। लोकसभा और विधानसभा सीटों के परिसीमन को लेकर हो रही तैयारियों और संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्‌ठी लिखी। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि सरकार बुलडोज करके यानी जबरदस्ती करके परिसीमन बिल…

logo