मुंबई। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत के दौरे पर पहुंच गए हैं। वे तीन देशों के 10 दिन के दौरे पर निकले हैं। वे चार दिन भारत में रहेंगे। दो मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात होगी और दोपक्षीय वार्ता होगी। चार दिन के इस दौरे में भारत और कनाडा के बीच व्यापार, ऊर्जा, तकनीक और रक्षा जैसे क्षेत्रों में नए साझेदारी को मजबूत करने पर बातचीत होगी। प्रधानमंत्री के तौर पर मार्क कार्नी का यह पहला भारत दौरा है।
मार्क कार्नी कनाडा में भारत का निवेश को बढ़ाने के लिए मुंबई में भारत के उद्यमियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान बुनियादी ढांचे से लेकर स्वच्छ ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और विनिर्माण सेक्टर में निवेश पर चर्चा होगी। गौरतलब है कि कुछ समय पहले दोनों देशों के संबंधों में बहुत तनाव आ गया था। लेकिन जस्टिन ट्रूडो के हटने और कार्नी के प्रधानमंत्री बनने के बाद संबंधों में बहुत बदलाव आया है। कनाडा के अधिकारी अब भारत पर लगाए गए कुछ गंभीर आरोपों से पीछे भी हट गए हैं।
बहरहाल, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की तरह कार्नी ने भी यात्रा मुंबई से शुरू की है। वे एक मार्च को नई दिल्ली पहुंचेंगे और दो मार्च को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से दोपक्षीय वार्ता करेंगे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच मुख्य रूप से कॉम्प्रीहेंसिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट यानी सीईपीए पर बातचीत फिर से शुरू करने पर सहमति बनाने की चर्चा होगी। यह वार्ता लंबे समय से रुकी हुई है। इसके अलावा, सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर चर्चा होगी। साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। भारत के बाद कार्नी ऑस्ट्रेलिया और जापान की यात्रा पर रवाना होंगे।
