नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक बनाया है। कांग्रेस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के जरिए बनाया गया एक वीडियो जारी किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी 43 सेकेंड के इस वीडियो का कैप्शन है ‘मोदी के डर का खामियाजा देश भुगत रहा है’।
कांग्रेस की ओर से जारी वीडियो में मोदी और ट्रंप को कॉल पर बात करते हुए दिखाया गया है। कॉल शुरू होती है तो इसमें प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति ट्रंप से कहते हैं, ‘हैलो, ट्रंप जी, कैसे हो आप’? जवाब में ट्रंप बोलते हैं, ‘मोदी मैं तुमसे नाराज हूं’। आगे मोदी कहते हैं, ‘लेकिन ट्रंप आप नाराज क्यों हैं? जैसा जैसा आपने बोला मैंने वैसा ही किया… सीजफायर कराया, रुस से तेल लेना कम कर दिया’।
इसके जवाब में ट्रंप कहते हैं, ‘तुम जानते हो मुझे खुश करना तुम्हारे लिए कितना जरूरी है। अगर तुमने मेरी बात नहीं मानी तो, मैं टैरिफ बढ़ा दूंगा’। इस पर मोदी कहते हैं, ‘नहीं मालिक जैसा जैसा बोलेंगे मैं वैसा-वैसा करूंगा। जनता पर बोझ लाद दूंगा। बस आप मुझसे खुश हो जाएं और कुछ नहीं चाहिए’।
गौरतलब है कि एक दिन पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के रुस से तेल आयात कम करने को लेकर बयान दिया था। ट्रंप ने पांच जनवरी को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा था कि भारत ने यह फैसला उन्हें खुश करने के लिए लिया। ट्रंप ने मोदी के लिए कहा, ‘वे मुझे खुश करना चाहते थे। प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं। वह जानते थे कि मैं खुश नहीं था, इसलिए मुझे खुश करना जरूरी था। हम व्यापार करते हैं और उन पर टैरिफ बढ़ा सकते हैं’।
