नई दिल्ली। रूस से कच्चा तेल खरीदने के मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति से डर गए हैं। इतना ही नहीं राहुल ने ट्रंप के इस बयान के बहाने मोदी पर कई आरोप लगाए। उन्होंने मोदी के मिस्र के शर्म अल शेख में हुई गाजा शांति सम्मेलन में नहीं जाने पर भी सवाल उठाया।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मोदी पर पांच आरोप लगाए। उन्होंने लिखा, ‘ट्रंप को फैसला और ऐलान करने देते हैं कि भारत रूसी तेल नहीं खरीदेगा। बार बार अनदेखी के बाद भी ट्रंप को बधाई संदेश भेजते रहते हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अमेरिका यात्रा रद्द कर दी। खुद मिस्र के शर्म अल शेख सम्मेलन में शामिल नहीं हुए। ऑपरेशन सिंदूर पर ट्रंप के बयानों का विरोध भी नहीं करते’।
