पटना। बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन में सीटों को लेकर चल रही खींचतान के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा ने मंगलवार को अपने 71 उम्मीदवारों की सूची जारी की। उम्मीदवारों की पहली सूची में चार ऐसी सीटें हैं, जिनके बारे में पहले कहा जा रहा था कि ये सीटें चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी को मिल रही हैं। इस सूची में दोनों उप मुख्यमंत्रियों के नाम शामिल हैं। भाजपा ने वरिष्ठ नेता और विधानसभा के स्पीकर नंदकिशोर यादव की टिकट काट दी है।
भाजपा ने मंगलवार को जारी 71 उम्मीदवारों की पहली सूची में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तारापुर से और विजय सिन्हा को लखीसराय से टिकट दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का टिकट काटा गया है। वे पांच बार से पटना सिटी से जीतते आ रहे हैं। उनकी जगह पर रत्नेश कुशवाहा को उतारा गया है। पटना की कुम्हरार सीट से पांच बार विधायक रहे अरुण कुमार सिन्हा की जगह संजय गुप्ता को टिकट मिला है।
भाजपा की पहली सूची में 13 मंत्रियों और नौ महिलाओं के नाम हैं। 71 सीटों पर 56 सीटें ऐसी हैं, जिन पर भाजपा चुनाव जीती थी। इनमें से 10 सीटों पर मौजूदा विधायकों की टिकट काट दी गई है। अगर जातीय समीकरण की बात करें तो उम्मीदवारों की सूची में आधे उम्मीदवार अगड़ी जातियों के हैं। भाजपा की पहली सूची में 35 सवर्ण हैं। इनके अलावा अनुसूचित जाति, जनजाति के छह, ओबीसी 11 और अत्यंत पिछड़ी जाति के 19 उम्मीदवार हैं।
गौरतलब है कि भाजपा इस बार 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इनमे से 71 के नाम सामने आ गए हैं। अब 30 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान बाकी है। बिहार में छह और 11 नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। भाजपा ने दोनों उप मुख्यमंत्रियों के साथ 12 मंत्रियों को मैदान में उतारा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री मंगल पांडे के अलावा नीतीश मिश्रा, नीरज कुमार बबलू, जीवेश मिश्रा, राजू सिंह, कृष्ण कुमार मंटू, सुरेंद्र मेहता, डॉक्टर सुनील कुमार, संजय सरावगी, डॉ. प्रेम कुमार को भी टिकट दिया गया है।
