नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मणिपुर यात्रा को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है। इससे एक दिन पहले राहुल गांधी ने भी उन पर तंज किया था और कहा था कि जा रहे हैं तो अच्छी बात है लेकिन अब देश में असली मुद्दा वोट चोरी का है। बहरहाल, खड़गे ने मोदी के महज तीन घंटे मणिपुर में रूकने को लेकर उनकी आलोचना की।
खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘मणिपुर में आपका तीन घंटे का पड़ाव करुणा नहीं है। यह एक दिखावा और घायल लोगों का घोर अपमान है। आज इम्फाल और चुराचांदपुर में आपका तथाकथित रोड शो, राहत शिविरों में लोगों की चीखें सुनने से बचने का एक कायराना प्रयास है’। खड़गे ने कहा, ‘मणिपुर में चुपचाप जाना कोई पश्चाताप नहीं है। यह अपराध बोध भी नहीं है। आप अपने लिए एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित कर रहे हैं। यह उन लोगों के जख्मों पर एक हमला है जो अभी भी आपकी बुनियादी संवैधानिक जिम्मेदारियों से भागने के कारण पीड़ित हैं! आपसे आपके ही शब्दों में पूछता हूं…आपका राजधर्म कहां है’?
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने चुनाव क्षेत्र केरल के वायनाड में मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘मुझे खुशी है कि उन्हें दो साल बाद महसूस हुआ कि वहां जाना चाहिए। उन्हें बहुत पहले ही मणिपुर जाना चाहिए था’। प्रियंका ने कहा, ‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि वहां जो कुछ भी हो रहा था, उन्होंने उसे इतने लंबे समय तक होने दिया। उन्हें इतने सारे लोगों को मरने दिया। लोगों को इतनी मुश्किलों से गुजरने दिया। भारत में प्रधानमंत्रियों की यह परंपरा नहीं रही है’।
उधर कांग्रेस और मणिपुर पीपुल्स पार्टी के यूथ विंग के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को इम्फाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास प्रदर्शन किया। युवाओं ने प्रधानमंत्री के दौरे का विरोध किया और इसे एक राजनीतिक चाल करार दिया।
