अरावली को बख्श दें

Categorized as संपादकीय

जब देश में प्रदूषण के भयंकर नतीजे देखने को मिल रहे हैं, उस समय अरावली की परिभाषा बदलने का विचार आया ही क्यों? समस्या विकास और समृद्धि की वह समझ है, जिसमें शुद्ध वातावरण की जरूरत मायने नहीं रखती।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री के इस स्पष्टीकरण से शायद ही कोई आश्वस्त हो कि अरावली पहाड़ियों की नई परिभाषा सिर्फ खनन के लिए लागू होगी। यानी रियल एस्टेट या अन्य विकास परियोजनाओं के लिए पुरानी परिभाषा लागू रहेगी। भूपेंद्र यादव का यह आश्वासन भी आशंकाओं का निराकरण नहीं कर सकेगा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में खनन की इजाजत नहीं दी जाएगी। मुद्दा है कि जब एनसीआर के साथ-साथ देश के कई अन्य क्षेत्रों में प्रदूषण के भयंकर नतीजे देखने को मिल रहे हैं, उस समय अरावली की परिभाषा बदलने का विचार आया ही क्यों? समस्या विकास और समृद्धि की वह समझ है, जिसमें शुद्ध वातावरण की जरूरत मायने नहीं रखती। यह नजरिया पहले ही आम जन की सेहत के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर चुका है।

वैसे, अरावली मामले में अधिक निराशा सुप्रीम कोर्ट के रुख से हुई, जिसने केंद्र की नई परिभाषा को सहज ही स्वीकार कर लिया। इसके तहत 100 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र को ही पहाड़ी माना गया है। बाकी इलाकों में कारोबारी गतिविधियों की इजाजत देने की छूट दे गई है। सर्वोच्च न्यायालय ने इस परिभाषा को चुनौती देने वाली एक जनहित याचिका को विचार के लिए अब जरूर स्वीकार किया है, मगर यह तब हुआ जब गुजरात से राजस्थान तक फैले अरावली क्षेत्र से खिलवाड़ के गंभीर दुष्परिणामों से भयभीत जागरूक तबकों ने खुल कर अपना आक्रोश जताया। उसके बाद ही केंद्रीय मंत्री ने लचर स्पष्टीकरण दिया है।

उन्होंने कहा कि नई परिभाषा के तहत खनन के लिए मुक्त हुए क्षेत्रों में रणनीतिक महत्त्व से जुड़ी परियोजनाओं को ही इजाजत दी जाएगी। मगर खनन से ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधि आखिर और क्या होती है? फिर क्या प्रदूषण का असर क्षेत्र विशेष में सीमित रहता है? अरावली को नुकसान चाहे जहां होगा, उसके नतीजे व्यापक दायरे में रहने वाली आबादी को भुगतना पड़ेगा। दरअसल, एनसीआर के लोगों को संतुष्ट करने की कोशिश करते हुए दूसरे इलाकों के प्रति बेफिक्री दिखाना भी समस्याग्रस्त रुख है। सरकार को समझना चाहिए कि उसकी ऐसी सफाइयों से लोग संतुष्ट नहीं होंगे। बेहतर होगा कि वह अरावली को पूरी तरह बख्श दे।


Previous News Next News

More News

ईरान युद्ध का लक्ष्य कैसे हासिल होगा?

March 4, 2026

पुरानी कहावत है कि ‘चुनाव से पहले, युद्ध के दौरान और शिकार के बाद सबसे ज्यादा झूठ बोले जाते हैं’। सो, ईरान में युद्ध चल रहा है और झूठ की चौतरफा बौछार हो रही है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पेंटागन में प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि युद्ध अमेरिका ने शुरू नहीं किया…

भारत तेल भंडार की चिंता में

March 4, 2026

नई दिल्ली। भारत के पास कच्चे तेल का भंडार कम हो रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के पास सिर्फ 25 दिन के कच्चे तेल और रिफाइंड का भंडार है। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के हमले के बाद तेल की आपूर्ति बाधित हुई है। गौरतलब है कि भारत की जरुरत का करीब 40…

ट्रंप ने दांवा किया ईरान बातचीत चाहता है

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के चौथे दिन मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरान बातचीत करना चाहता है लेकिन अब बहुत देर हो गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान की वायु और नौसैनिक क्षमता पूरी तरह से खत्म हो गई…

ईरान में आठ सौ लोगों की मौत

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले में पिछले चार दिन में करीब आठ सौ लोगों की मौत हो चुकी है। पहले दिन हुए हमले में एक स्कूल में करीब डेढ़ सौ छात्राओं की मौत हो गई थी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हुआ।…

पटरी पर लौटा रिश्ता

March 4, 2026

मार्क कार्नी की सोच है कि जब बड़ी ताकतें अंतरराष्ट्रीय व्यवहार के कायदों को ठोकर मार रही हैं, मध्यम दर्जे की ताकतों को आपस में मिलकर अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए। भारत यात्रा में उनकी ये सोच प्रतिबिंबित हुई। मार्क कार्नी की भारत यात्रा का सार है कि नए हालात के बीच भारत और…

logo