हर प्रतिरोध नाजायज है?

Categorized as संपादकीय

यह समझने की जरूरत है कि मांगों पर तत्परता से ध्यान ना देने अथवा अनंत और ऊबाऊ वार्ताओं से लोगों का असंतोष आक्रोश में बदलता है। उससे गतिरोध की स्थिति बनती है, जो अमन-चैन के लिए ठीक नहीं है।

केंद्र ने लेह में हुई हिंसा की सारी जिम्मेदारी सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पर डाल दी है। कहा है कि सरकार लेह एंड कारगिल डेमोक्रेटिक एलायंस के साथ उन मुद्दों पर बातचीत में शामिल है, जिनको लेकर वांगचुक दस सितंबर को अनशन पर बैठ गए। फिर उन्होंने “भड़काऊ” भाषण दिए। उन्होंने अरब स्प्रिंग और नेपाल के जेनरेशन-जेड प्रतिरोध का जिक्र अपने भाषणों में किया। केंद्र के मुताबिक इसी कारण 14 सितंबर को लेह में नौजवान तोड़फोड़ और आगजनी पर उतर गए, जिस दौरान चार मौतें हुईं। दर्जनों लोग घायल हुए।

केंद्र के बयान का स्वर यह है कि बातचीत और समाधान का जो दायरा वह तय करता है, संगठनों को उससे बाहर नहीं जाना चाहिए। अगर वे बाहर जाते हैं, तो उनसे संवाद कायम करना केंद्र का दायित्व नहीं है। साथ ही उस दौरान कोई अवांछित घटना होती है, तो उसकी सारी जिम्मेदारी आयोजक संगठन की होगी। दरअसल हालिया वर्षों में सरकारों ने इसी नजरिए से तमाम प्रतिरोध एवं असंतोष के इज़हार से निपटने की कोशिश की है। यही तरीका लद्दाख में अपनाया गया। नतीजा सामने है। केंद्र ने छह साल पहले एकतरफा और लगभग गुपचुप ढंग से जम्मू-कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 को खत्म करते हुए राज्य को दो भागों में बांट दिया था।

दोनों भागों को केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया। दोनों हिस्सों के लोग तब से पूर्ण राज्य का दर्जा मांग रहे हैं। वांगचुक और उनके समर्थकों की भी प्रमुख मांग यही है। मुद्दा यह है कि स्थानीय लोगों की पूर्ण राज्य की आकांक्षा और संविधान के अनुच्छेद 6 के तहत पहचान की सुरक्षा की मांग को कब तक टाला जाएगा? यह समझने की जरूरत है कि मांगों पर तत्परता से ध्यान ना देने अथवा अनंत और ऊबाऊ वार्ताओं से लोगों का असंतोष आक्रोश में बदलता है। उससे गतिरोध की स्थिति बनती है, जो अमन-चैन के लिए ठीक नहीं है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के विभिन्न हिस्सों में गतिरोध के ऐसे बिंदु बनते चले गए हैँ। अतः यह जरूरी हो गया है कि केंद्र अपनी दृष्टि में अविलंब सुधार करे। हर प्रतिरोध को नाजायज मानने का नजरिया लोकतांत्रिक नहीं है।


Previous News Next News

More News

ईरान युद्ध का लक्ष्य कैसे हासिल होगा?

March 4, 2026

पुरानी कहावत है कि ‘चुनाव से पहले, युद्ध के दौरान और शिकार के बाद सबसे ज्यादा झूठ बोले जाते हैं’। सो, ईरान में युद्ध चल रहा है और झूठ की चौतरफा बौछार हो रही है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पेंटागन में प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि युद्ध अमेरिका ने शुरू नहीं किया…

भारत तेल भंडार की चिंता में

March 4, 2026

नई दिल्ली। भारत के पास कच्चे तेल का भंडार कम हो रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के पास सिर्फ 25 दिन के कच्चे तेल और रिफाइंड का भंडार है। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के हमले के बाद तेल की आपूर्ति बाधित हुई है। गौरतलब है कि भारत की जरुरत का करीब 40…

ट्रंप ने दांवा किया ईरान बातचीत चाहता है

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के चौथे दिन मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरान बातचीत करना चाहता है लेकिन अब बहुत देर हो गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान की वायु और नौसैनिक क्षमता पूरी तरह से खत्म हो गई…

ईरान में आठ सौ लोगों की मौत

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले में पिछले चार दिन में करीब आठ सौ लोगों की मौत हो चुकी है। पहले दिन हुए हमले में एक स्कूल में करीब डेढ़ सौ छात्राओं की मौत हो गई थी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हुआ।…

पटरी पर लौटा रिश्ता

March 4, 2026

मार्क कार्नी की सोच है कि जब बड़ी ताकतें अंतरराष्ट्रीय व्यवहार के कायदों को ठोकर मार रही हैं, मध्यम दर्जे की ताकतों को आपस में मिलकर अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए। भारत यात्रा में उनकी ये सोच प्रतिबिंबित हुई। मार्क कार्नी की भारत यात्रा का सार है कि नए हालात के बीच भारत और…

logo