मुद्दे की तलाश में

Categorized as संपादकीय

वोट चोरी गंभीर आरोप है, मगर इससे विपक्षी दल, उनके कार्यकर्ता और मध्य वर्ग के कुछ हिस्से जितना उत्तेजित हुए हैं, उतना आम जन के स्तर पर नहीं हुआ है। आम जन को ऐसे मुद्दे दूर से ही छू पाते हैं।

राहुल गांधी ने अब कहा है कि भारत के युवाओं की सबसे बड़ी समस्या है बेरोजगारी है और इसका सीधा संबंध ‘वोट चोरी’ से है। उनका तर्क है कि ‘जब कोई सरकार जनता का विश्वास जीत कर सत्ता में आती है, तो उसका पहला कर्त्तव्य होता है युवाओं को रोजगार और अवसर देना।’ लेकिन भाजपा ईमानदारी से चुनाव नहीं जीतती, नतीजतन बेरोजगारी 45 साल के उच्चतम स्तर पर है। गांधी का दावा है कि जब तक चुनाव चोरी से जीते जाएंगे, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ते रहेंगे। तो इस तरह कांग्रेस नेता ने अपनी राजनीति का केंद्रीय बिंदु फिर बदला है।

कुछ महीनों से उनका मुद्दा सिर्फ वोट चोरी था। उसके पहले उनकी बातें जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय पर केंद्रित होती थीं। उससे पहले संविधान बचाओ उनका प्रमुख नारा था। और पीछे जाएं, तो कई और ऐसे मुद्दे ढूंढे जा सकते हैं, जिन पर गांधी ने कुछ समय तक अपनी राजनीति केंद्रित की और फिर उसे छोड़ दिया। क्या वे लगातार किसी ऐसे जुमले की तलाश में हैं, जो लोगों उत्प्रेरित कर सके? यह साफ है कि अब तक वे ऐसा मुद्दा खोज नहीं पाए हैं। वोट चोरी गंभीर आरोप है, मगर इससे विपक्षी दल, उनके कार्यकर्ता और मध्य वर्ग के कुछ हिस्से जितना उत्तेजित हुए हैं, उतना आम जन के स्तर पर नहीं हुआ है। यह मुमकिन भी नहीं है। जिनके लिए अपनी जिंदगी में लोकतंत्र का सीमित अर्थ ही है, उन्हें ऐसे मुद्दे दूर से ही छू पाते हैं।

कांग्रेस नेतृत्व को भी इसका अहसास संभवतः हुआ है। बहरहाल, बेरोजगारी की वजह सिर्फ कथित वोट चोरी है या इसका असल संबंध अर्थव्यवस्था की दिशा एवं आर्थिक नीतियों से है, राहुल गांधी के ताजा बयान की रोशनी में यह सवाल अहम हो जाता है। इस वक्तव्य के साथ यह दिक्कत भी है कि इसमें भाजपा की मजहब आधारित गोलबंदी के असर को सिरे से नजरअंदाज किया गया है। शायद यह भी एक मुद्दा केंद्रित चिंतन का ही नतीजा है। बेहतर होगा कि गांधी अपनी इस सीमा पर आत्म-मंथन करें। वरना, चुनाव जिताऊ मुद्दे की उनकी तलाश अनवरत जारी रह सकती है।


Previous News Next News

More News

ईरान युद्ध का लक्ष्य कैसे हासिल होगा?

March 4, 2026

पुरानी कहावत है कि ‘चुनाव से पहले, युद्ध के दौरान और शिकार के बाद सबसे ज्यादा झूठ बोले जाते हैं’। सो, ईरान में युद्ध चल रहा है और झूठ की चौतरफा बौछार हो रही है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पेंटागन में प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि युद्ध अमेरिका ने शुरू नहीं किया…

भारत तेल भंडार की चिंता में

March 4, 2026

नई दिल्ली। भारत के पास कच्चे तेल का भंडार कम हो रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के पास सिर्फ 25 दिन के कच्चे तेल और रिफाइंड का भंडार है। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के हमले के बाद तेल की आपूर्ति बाधित हुई है। गौरतलब है कि भारत की जरुरत का करीब 40…

ट्रंप ने दांवा किया ईरान बातचीत चाहता है

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के चौथे दिन मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि ईरान बातचीत करना चाहता है लेकिन अब बहुत देर हो गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान की वायु और नौसैनिक क्षमता पूरी तरह से खत्म हो गई…

ईरान में आठ सौ लोगों की मौत

March 4, 2026

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले में पिछले चार दिन में करीब आठ सौ लोगों की मौत हो चुकी है। पहले दिन हुए हमले में एक स्कूल में करीब डेढ़ सौ छात्राओं की मौत हो गई थी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हुआ।…

पटरी पर लौटा रिश्ता

March 4, 2026

मार्क कार्नी की सोच है कि जब बड़ी ताकतें अंतरराष्ट्रीय व्यवहार के कायदों को ठोकर मार रही हैं, मध्यम दर्जे की ताकतों को आपस में मिलकर अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए। भारत यात्रा में उनकी ये सोच प्रतिबिंबित हुई। मार्क कार्नी की भारत यात्रा का सार है कि नए हालात के बीच भारत और…

logo