बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए सोमवार को मतगणना के 12वें दौर के बाद जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार पर 6,646 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, 31 में से 12 दौर की मतगणना पूरी होने के बाद प्रशांत किशोर को 23,756 मत मिले हैं, जबकि भाजपा के नीरज कुमार को 17,110 मत प्राप्त हुए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी 48,50 मत हासिल कर तीसरे स्थान पर हैं।
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पहली बार चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर भाजपा से यह सीट छीनने में सफल होते हैं या नहीं। बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जनता का जो भी फैसला होगा, उसे स्वीकार किया जाएगा।
उन्होंने कहा ये शुरुआती रुझान हैं। कुछ और दौर की मतगणना के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। हमें उम्मीद है कि जनादेश राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में होगा, क्योंकि हमने सभी जातियों, धर्मों और समुदायों के लोगों के विकास के लिए काम किया है।
Also Read : गुजरात: मांजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा के सतीश पटेल 19,000 मतों से आगे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण इस सीट के रिक्त होने के बाद यह उपचुनाव जरूरी हो गया है। भाजपा ने इस सीट से अपने युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले 2025 के विधानसभा चुनाव में वह भाजपा के नितिन नवीन से 50,000 से अधिक मतों के अंतर से पराजित हुई थीं।
उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को हुए मतदान में 34.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था जो पिछले विधानसभा चुनाव में हुए 41.45 प्रतिशत मतदान की तुलना में सात प्रतिशत से अधिक कम रहा।
मतगणना शुरू होने से पहले राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस बीच, पटना में मिठाई की कई दुकानों पर भाजपा कार्यकर्ता लड्डू तैयार करवाते दिखे गए। उनका दावा है कि नीरज कुमार सिन्हा की जीत तय है।
Pic Credit : ANI
