नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने अगले साल के बोर्ड की परीक्षाओं की तारीखें घोषित कर दी हैं। सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं दोनों की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान किया है। दोनों परीक्षाएं एक साथ 17 फरवरी से शुरू होंगी। बोर्ड की ओर से जारी परीक्षा की डेटशीट के मुताबिक 10वीं का पहला पेपर मैथ्स का होगा, जबकि 12वीं का पहला पेपर बायोटेक्नोलॉजी और शॉर्टहैंड का होगा।
गौरतलब है कि इस साल करीब 42 लाख बच्चे दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। बच्चों को तनाव से बचाने के लिए इस बार 10वीं की दो परीक्षाएं ली जाएंगी। 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा 15 मई से एक जून तक हो सकती है। बोर्ड ने इसी साल से 10वीं की परीक्षाएं साल में दो बार कराने का फैसला किया है। दूसरी परीक्षा वैकल्पिक होगी और इसमें छात्रों को साइंस, मैथमेटिक्स, सोशल साइंस और लैंग्वेजेस में से किन्हीं तीन विषयों में अपना प्रदर्शन सुधारने की इजाजत दी जाएगी। अगर कोई छात्र पहली परीक्षा में तीन या अधिक विषयों में शामिल नहीं हुआ है, तो उसे दूसरी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
