बेख़ुदी बेसबब नहीं, कुछ तो है, जिस की पर्दादारी है

Categorized as लेख

नरेंद्र भाई मोदी को क्या पड़ी है कि वे ट्रंप की हर एक शर्त मान कर व्यापार समझौता करने पर तुले हुए हैं? क्या इस के पीछे कोई रहस्य है? क्या ट्रंप के यह कहने में कोई गहरा संदेश छिपा हुआ है कि प्रधानमंत्री मोदी मुझे स्नेह करते हैं, वे मेरे मित्र हैं और इसलिए मैं उन का राजनीतिक भविष्य चौपट नहीं करना चाहता हूं।

आजकल सत्ता पक्ष भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार सौदे का झूम-झूम कर ज़श्न मना रहा है। एक ऐसे सौदे को वह अपनी बड़ी भारी उपलब्धि की तरह पेश कर रहा है, जिस की वज़ह से भारतीय वस्तुओं के अमेरिका को निर्यात पर पहले से पंद्रह फ़ीसदी ज़्यादा तट-कर लगेगा और अमेरिका से भारत आने वाली तक़रीबन सारी चीज़ों पर हम क़रीब-क़रीब षून्य तट-कर वसूलेंगे। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी की पिछले कुछ महीनों से लगातार छीछालेदर कर रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने पहले भारतीय वस्तुओं के अमेरिका में आयात पर पच्चीस प्रतिशत तट-कर लगाया और फिर भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद का बहाना ले कर बतौर सज़ा उसे पचास फ़ीसदी कर दिया। रूसी तेल की खरीद बंद कर देने के बाद उन्होंने सज़ा माफ़ कर दी और उसे फिर पच्चीस प्रतिशत कर दिया।

इस के बाद संभावित भारत-अमेरिका व्यापार सौदे को ऐतिहासिक, अभूतपूर्व और तवारीख़ी बताने का ढोल-नगाड़ा पिटना शुरू हुआ और दयालु ट्रंप ने पच्चीस प्रतिशत तट-कर को सात प्रतिशत कम कर के अठारह कर दिया। इस हल्ले में यह तथ्य तिरोहित करने की पूरी कोशिश की गई कि अब तक भारत से अमेरिका को भेजे जाने वाले सामान पर औसत तट-कर महज़ तीन प्रतिशत के आसपास था। सो, दरअसल तट-कर में सात प्रतिशत की कमी नहीं, पंद्रह प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। मगर सूरदासों के जत्थे ताली-थाली बजा रहे हैं। यह मसला भी दफ़्न करने की कोशिशें हो रही हैं कि इस सौदे से भारत का कृशि क्षेत्र अमेरिका के लिए जिस तरह खुल जाएगा, वह आगे चल कर किसानों का टेंटुआ मसक देगा।

समूचा स्थूल-बुद्धि मीडिया देशवासियों को यह समझाने में भिड़ गया है कि इस सौदे से किसान तबाह नहीं होंगे, वे तो ख़ुशहाल हो जाएंगे। अपने हाथों में लंबी-लंबी सूचियां ले कर टेलीविजन सूत्रधार और अख़बारी मुदीरे-आला इन दलीलों की बारिश करने में जुटे हुए हैं कि अमेरिका से फ़लां-फ़लां-फ़लां कृषि उत्पाद भारत नहीं आने दिए जाएंगे। मगर वे यह नहीं बता रहे हैं कि आने क्या-क्या दिया जाएगा? यह तथ्य भी बड़ी चतुराई से छुपाया जा रहा है कि भारतीय किसान को अमेरिकी किसान के सामने मुक्त स्पर्धा में झोंकना उसी तरह है, जैसे एक कीकड़ पहलवान को जर्जर लंगोट के साथ किंगकांग के सामने अखाड़े में परोस दिया गया हो।

अमेरिका में तक़रीबन पैंतीस लाख किसान हैं। भारत में पैंतीस करोड़। अमेरिका में एक कृशि जोत डेढ़ सौ से पौने दो सौ हैक्टेयर की है। भारत में एक-सवा हैक्टेयर की। अमेरिका में खेती पूरी तरह यंत्रीकृत है। भारत में किसान अपना बदन ले कर दिन-रात धूप, बारिश और सर्दी में खेत में खटता है। अमेरिका अपने पैंतीस लाख किसानों को सालाना पौने चार-चार लाख करोड़ रुपए की सब्सिडी देता है। भारत के पैंतीस करोड़ किसानों को केंद्र और राज्य सरकारें मिला कर एक-सवा लाख करोड़ रुपए की सरकारी इमदाद देती हैं। यानी अमेरिका के एक किसान को खेती के लिए सालाना पौने ग्यारह करोड़ रुपए की माली मदद मिलती है और भारत में एक किसान को मिलती है सिर्फ़ साढ़े तीन लाख रुपए की।

ऐसे में होगा क्या? होगा यह कि अमेरिकी सरकार की भारी-भरकम इमदाद के हथियार से लैस वहां के किसान भारत के बाज़ार में बेहद सस्ती दरों पर अपनी उपज के ढेर लगा देंगे। भारतीय उपभोक्ता अमेरिकी उत्पादों पर टूट पड़ेगा। जब हमारे किसानों की उपज महंगी पड़ने के कारण नहीं बिकेगी तो दो-तीन फ़सल-चक्रों के बाद वे उन फ़सलों को उगाना बंद कर देंगे। तब जा कर असली अमेरिकी दंगल शुरू होगा। वे अपनी उपज के दाम बढ़ाते जाएंगे और आगे का भारी मुनाफ़ा सुनिश्चित करते हुए पिछला हिसाब भी बराबर कर लेंगे। तब तक भारत के खेतों में उगने वाली फ़सल का बुनियादी चरित्र पूरी तरह बदल चुका होगा। अपने खेतों को उन का पुराना परिदृश्य लौटाना हमारे लिए नामुमकिन-सा हो जाएगा। आख़िर यही तो अमेरिका ने लैटिन अमेरिकी देशों के साथ किया था। आज वहां की खेती-किसानी पूरी तरह अमेरिकी अनुकंपा के भरोसे है।

मगर हमारी सरकार चाहती है कि हम उस की यह बात आंख मूंद कर मान लें कि मौजूदा भारत-अमेरिका व्यापार समझौता भारतीय किसानों के लिए खरबों रुपए का एक ऐसा बाज़ार खोल रहा है, जिस से वे रातोंरात मालामाल हो जाएंगे। अमेरिका से आ सकने वाले कृषि उत्पादों की संशोधित सूची से दाल और कुछ मसालों को बाहर कर देने पर ट्रंप के राज़ी हो जाने का महोत्सव भी मतांध अनुचर ज़ोर-शोर से मना रहे हैं। मगर वे जानबूझ कर दो बातें नहीं बता रहे हैं। पहली तो यह कि समझौता अभी अंतरिम प्रारूप की स्थिति में है और वह मार्च के मध्य में कभी जा कर अंतिम रूप लेगा। दूसरी यह कि ट्रंप साफ कह चुके हैं कि अंतिम समझौता होने के बाद भी अगर कभी भी उन्हें लगा किसी बिंदु पर वे संतुष्ट नहीं हैं तो उस में रद्दोबदल करने के लिए वे स्वतंत्र हैं।

अब आइए एक और भूमिगत मसले पर। आख़िर ट्रंप यह संदेश देने के लिए इतनी हड़बड़ी में क्यों हैं कि उन्होंने अपने किसानों की भारतीय बाज़ार में मुक्त आवाजाही का बंदोबस्त कर दिया है और इस से अमेरिका के ग्राम्य जीवन का गुलाबीपन दिन दूनी, रात चौगुनी रफ़्तार से बढ़ने वाला है? ऐसा इसलिए है कि ट्रंप इस वक़्त दुनिया भर में तो हैं ही, अमेरिका में भी अपनी लोकप्रियता की सब से निचली पायदान पर उकड़ूं बैठे हुए हैं और नौ महीने बाद अमेरिका में मध्यावधि चुनाव होने वाले हैं, जिन में उन की रिपब्लिकन पार्टी की हार तय दिखाई दे रही है। इन चुनावों में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों के लिए चुनाव होंगे। सीनेट की एक तिहाई सीटों के लिए वोट पड़ेंगे। राज्यपालों और स्थानीय निकायों के लिए भी मतदान होगा। यह ट्रंप सरकार के अब तक के प्रदर्शन पर एक तरह का जनमत संग्रह होगा। अगर इन चुनावों में वे बुरी तरह हारते हैं तो दो साल बाद राष्ट्रपति पद का चुनाव उन की पार्टी का प्रत्याशी नहीं जीत पाएगा।

लेकिन नरेंद्र भाई मोदी को क्या पड़ी है कि वे ट्रंप की हर एक शर्त मान कर व्यापार समझौता करने पर तुले हुए हैं? क्या इस के पीछे कोई रहस्य है? क्या ट्रंप के यह कहने में कोई गहरा संदेश छिपा हुआ है कि प्रधानमंत्री मोदी मुझे स्नेह करते हैं, वे मेरे मित्र हैं और इसलिए मैं उन का राजनीतिक भविष्य चौपट नहीं करना चाहता हूं। ‘युद्ध मैं ने रुकवाया, युद्ध मैं ने रुकवाया’ के आलाप का हम बिना कोई जवाब दिए ट्रंप को शतक बनाने देते हैं। वे कहते हैं कि रूस से तेल लेना बंद करो और हम कर देते हैं। भारतवासियों का सकल-डेटा हम अमेरिका के हवाले करने को तैयार हो जाते हैं। मध्यावधि-बवंडर से ट्रंप को सहेज कर बाहर लाने के लिए हम सब-कुछ करने को तैयार हो रहे हैं तो इस के पीछे कुछ तो होगा? कुछ तो है, जिस की पर्दादारी है! क्या है, सो, आप अंदाज़ लगाइए।


Previous News Next News

More News

अफगानिस्तान में पुराने युद्ध का ब‍िना फटा बम अचानक फटने से क‍िशोर घायल

June 3, 2026

अफगानिस्तान के पूर्वी गजनी प्रांत में मंगलवार को बम फटने से एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह जानकारी प्रांतीय पुलिस कार्यालय ने बुधवार को दी। यह घटना गिलान जिले में हुई। लड़के को एक खिलौने जैसी दिखने वाली चीज मिली थी और वह उससे खेलने लगा। तभी वह वस्तु अचानक फट गई…

पटना : खान सर की कोचिंग पर हमला करने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

June 3, 2026

बिहार की राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ और गार्ड के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद भी शामिल बताए जा रहे हैं।   पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस…

दिल्ली : मालवीय नगर के बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, 10 लोगों की मौत

June 3, 2026

बुधवार सुबह दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित बहुमंजिला ‘लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट’ में भीषण आग लग गई। इसमें अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायलों को बाहर निकाल लिया गया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की।  दिल्ली पुलिस के मुताबिक घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका…

ममता बनर्जी का टीएमसी को टूटने से बचाने के लिए बड़ा फैसला, संगठन में होंगे फेरबदल

June 3, 2026

पश्चिम बंगाल की सत्ता में 15 साल तक काबिज रही टीएमसी अब टूटने के कगार पर है और पार्टी को बचाने के लिए पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अहम फैसला लिया है। इस फैसले के तहत पार्टी की सभी समितियां, साथ ही इसके सभी फ्रंटल संगठन, तत्काल प्रभाव से भंग कर दिए…

तीन आदिवासी बालिकाओं की मृत्यु दुर्भाग्यपूर्ण, कठोर कार्रवाई हो: दिग्विजय सिंह

June 3, 2026

राज्यसभा सांसद एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील के अंतर्गत आदिवासी बहुल ग्राम सगौर में कुएं में डूबने से तीन नाबालिग आदिवासी बालिकाओं की हुई दर्दनाक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही एवं पेयजल व्यवस्था की विफलता का गंभीर उदाहरण बताते…

logo