कांग्रेस की चुनाव तैयारी नदारद

Categorized as राजनीति

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का अभियान शुरू हो गया है। 25 विधानसभा सीट वाली पुडुचेरी से लेकर 294 सीट वाले पश्चिम बंगाल तक भाजपा के नेताओं की भागदौड़ शुरू हो गई है। प्रभारियों के साथ बैठक हो रही है। रूठे लोगों को मनाया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस कहीं भी जमीन पर नहीं दिख रही है। ले देकर केरल और असम में कांग्रेस को अपने दम पर लड़ना है लेकिन वहां भी कम से कम केंद्रीय नेतृत्व की ओर से किसी तैयारी का संकेत नहीं है। हां, असम में गौरव गोगोई जरूर मेहनत कर रहे हैं और केरल में भी स्थानीय नेता अपने दम पर तैयारी कर रहे हैं। लेकिन समस्या यह है कि केरल में कांग्रेस के आधा दर्जन बड़े नेता हैं और सबके अपने गुट हैं। सबको लग रहा है कि इस बार सत्ता आ रही है तो सब पहले ही एक दूसरे को निपटाने में लगे हैं। इसलिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की जिम्मेदारी बनती है कि वे वहां जाकर मेहनत करें, वहां डेरा डालें और गुटबाजी खत्म करा कर चुनाव तैयारी कराएं। लेकिन ध्यान नहीं आ रहा है कि राहुल गांधी आखिरी बार कब केरल गए थे। कुछ दिन पहले वे जर्मनी से लौटे और अब खबर है कि वियतनाम की यात्रा पर चले गए।

चुनावी राज्यों में उनकी यात्राओं और कार्यक्रमों की तुलना अगर भाजपा के नेताओं से करें तो फर्क समझ में आएगा। अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल गए और साथ ही असम की दो दिन की यात्रा पर गए। इसके तुरंत बाद अमित शाह असम पहुंचे और तीन दिन का कोलकाता में प्रवास किया। कोलकाता में उन्होंने पार्टी के प्रदेश नेताओं के साथ साथ प्रभारी, चुनाव प्रभारी, चुनाव के सह प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री को भी बुलाया और चुनाव तैयारियों पर बैठक की। पश्चिम बंगाल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पिछले कुछ दिनों से नाराज चल रहे थे तो खुद अमित शाह ने उनको बुलवाया और बैठक में उनसे विचार विमर्श किया। इतना ही नहीं उनको चुनावी रैलियों और यात्राओं की जिम्मेदारी दी। अगले दो हफ्ते में वे चार क्षेत्रों में बड़े कार्यक्रम करने वाले हैं और दर्जनों जनसंपर्क करेंगे। इसके उलट कांग्रेस में यह हुआ कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मिल कर गए। इससे भाजपा यह मैसेज बनवाने में कामयाब रही कि कांग्रेस का सबसे बड़ा नेता उसके साथ है।

अब अमित शाह तमिलनाडु जाने वाले हैं। यह हाल के दिनों की दूसरी यात्रा है। इससे पहले पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी पहली यात्रा पुडुचेरी से की। हाल में तिरूवनंतपुरम में पहली बार भाजपा का मेयर जीता तो प्रधानमंत्री मोदी ने एक चिट्ठी लिख कर केरल के लोगों का धन्यवाद दिया और भाजपा को जिताने की अपील की। साफ दिख रहा है कि भाजपा पूरी तरह से चुनाव में लग गई है लेकिन कांग्रेस की ओर से कोई ऐसी तैयारी नहीं हो रही है। कांग्रेस के नेता मान चुके हैं कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को और तमिलनाडु में एमके स्टालिन को लड़ना है। हालांकि तमिलनाडु में कांग्रेस के नेता जिस तरह से बयानबाजी कर रहे हैं और जिस तरह से कांग्रेस के डाटा डिपार्टमेंट के प्रवीण चक्रवबर्ती ने तमिलनाडु पर कर्ज के बोझ का आंकड़ा निकाल कर सार्वजनिक किया है उससे लग रहा है कि कांग्रेस वहां भी स्टालिन की नैया डुबाने का काम कर रही है। बहरहाल, पिछले कई महीनों से राहुल गांधी की कोई यात्रा चुनावी राज्यों की नहीं हुई है, जबकि वे विपक्ष में हैं और उनके पास राजनीति के अलावा कोई और काम नहीं है। दूसरी समस्या यह है कि कांग्रेस ने धीरे धीरे सब कुछ राहुल पर केंद्रित कर दिया है। किसी और नेता की हैसियत ही नहीं बनाई गई कि वह किसी राज्य के दौरे पर जाए तो मीडिया में खबर बने। सो, दूसरे नेता भी आराम से बैठे रहते हैं। वे भी चुनाव के समय जाएंगे और प्रचार की औपचारिकता पूरी करेंगे।


Previous News Next News

More News

अमेरिका ने ईरान का जहाज जब्त किया

April 21, 2026

अमेरिका ने अरब सागर में ईरान के ध्वज वाले मालवाहक जहाज पर गोलीबारी करने के बाद उसे जब्त कर लिया है। तेहरान ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे ‘सशस्त्र समुद्री डकैती’ करार दिया और जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। फिर से तनाव और बढ़ गया है।  अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार,…

दिल्ली दौरे पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी

April 21, 2026

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। मंगलवार शाम 4 बजे उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर होगी। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह सम्राट चौधरी की पहली दिल्ली यात्रा है। जानकारी के अनुसार सम्राट चौधरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ये शिष्टाचार मुलाकात बताई जा रही है लेकिन…

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने चुनाव के बाद हुई हिंसा पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए

April 21, 2026

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त परिषद (टीटीएएडीसी) के चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद हुई हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। 30 सदस्यों वाली टीटीएएडीसी में 28 चुने हुए प्रतिनिधि और राज्य सरकार द्वारा नामित…

ईरान में इंटरनेट बंदी के 53 दिन, सरकार ‘टियर सिस्टम’ की कर रही व्यवस्था

April 21, 2026

ईरान में इंटरनेट बंदी के 53 दिन हो चुके हैं। संघर्ष से हुई तबाही के बाद पुनर्निर्माण का दौर जारी है। इंटरनेट मॉनिटरिंग संस्था नेट ब्लॉक्स के अनुसार, बाहरी दुनिया ईरान का संपर्क लगभग 1248 घंटों से टूटा पड़ा है। एक्स पर एक ग्राफिक के जरिए बताया कि सरकार ने इंटरनेट को पूरी तरह खोलने…

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की तीन दिवसीय जर्मनी यात्रा आज से

April 21, 2026

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत-जर्मनी रणनीतिक रक्षा साझेदारी को मजबूत करने और द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने के उद्देश्य से मंगलवार से जर्मनी की तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे।   इस यात्रा के दौरान, राजनाथ सिंह अपने जर्मन समकक्ष बोरिस पिस्टोरियस और जर्मन सरकार के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों पर…

logo