बमबारी बंद, बातचीत शुरू

Categorized as समाचार

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले बंद हो गए हैं और ईरान ने भी इजराइल व खाड़ी के दूसरे देशों पर हमला रोक दिया है। ईरान की सभ्यता मिटा देने की राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी की समय सीमा पूरा होने के साथ ही दोनों देशों में युद्धविराम का ऐलान हो गया। राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार की रात को ईरान पर दो हफ्ते के लिए हमले रोकने का ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर बताया कि ईरान की तरफ से तुरंत होर्मुज की खाड़ी खोलने की शर्त पर बमबारी और हमले दो हफ्ते के लिए स्थगित करने के लिए राजी हुए हैं।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर को श्रेय देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि इन दोनों की अपील के बाद ही फैसला हुआ। युद्धविराम के साथ ही बातचीत की तैयारी शुरू हो गई है। ट्रंप ने कहा है कि उन्हें ईरान से 10 सूत्री प्रस्ताव मिला है। अगले दो हफ्ते समझौते को अंतिम रूप देने और उसे लागू करने के लिए जरूरी होगा। ईरान के 10 सूत्री प्रस्ताव में सबसे पहले सारे हमले रोकने का प्रस्ताव है। इसके बाद सारी पाबंदी हटाने, जब्त की गई संपत्ति लौटाने, स्थायी युद्धविराम आदि के प्रस्ताव हैं। तीन प्रस्ताव ऐसे हैं, जिन पर सहमति बनानी मुश्किल होगी। एक प्रस्ताव पश्चिम एशिया से अमेरिकी सैनिकों की वापसी का है। दूसरा ईरान को हमले में हुए नुकसान का मुआवजा देने का और तीसरा होर्मुज की खाड़ी पर ईरान के नियंत्रण और टोल वसूलने का है।

राष्ट्रपति ट्रंप के बाद ईरान ने भी युद्धविराम की पुष्टि की। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक पोस्ट में युद्धविराम का ऐलान किया। बाद में ट्रंप ने इस पोस्ट को भी साझा किया। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने बाद में बताया कि आगे की बातचीत 11 अप्रैल से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होगी। इसके साथ ही ईरान ने दो हफ्ते के लिए होर्मुज की खाड़ी खोलने की जानकारी दी और अपने नागरिकों से कहा कि इस दौरान राष्ट्रीय एकता बनाए रखना और जीत का जश्न पूरी ताकत से जारी रखें।

युद्धविराम की घोषणा के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपने सभी सैनिक अभियान रोक दिए हैं। हालांकि डिफेंसिव ऑपरेशन और सुरक्षा उपाय जारी रहेंगे। सीजफायर समझौते के बाद ईरान ने भी हमले रोकने के आदेश दिए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से सीजफायर की घोषणा के करीब दो घंटे बाद ईरान के सुप्रीम लीडर ने सभी सैन्य इकाइयों को फायरिंग रोकने का आदेश दिया है। ईरान के सरकारी न्यूज चैनल आईआरआईबी पर पढ़े गए बयान में कहा गया कि सभी सैन्य शाखाएं सुप्रीम लीडर के निर्देशों का पालन करें और तुरंत फायरिंग बंद करें। हालांकि, बयान में यह भी कहा गया कि यह जंग का अंत नहीं है, बल्कि एक अस्थायी कदम है।

अमेरिका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम के तहत अगले दो हफ्ते तक होर्मुज की खाड़ी खुली रहेगी। ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि इस दौरान जहाजों की सुरक्षित आवाजाही ईरानी सेना की मदद से सुनिश्चित की जाएगी। यानी होर्मुज की खाड़ी से गुजरने वाले टैंकर और जहाज अब भी नियंत्रित होंगे और ईरान की निगरानी में गुजरेंगे। गौरतलब है कि युद्ध के दौरान इस समुद्री मार्ग पर शिपिंग लगभग ठप हो गई थी। अब इसके खुलने से सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद है। होर्मुज खोलने के फैसले का असर बाजारों पर भी दिखा है। तेल की कीमतों में 15 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है।


Previous News Next News

More News

रूस-यूक्रेन शांति समझौते की शर्तों पर हो रही चर्चा : ट्रंप

September 23, 2026

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रूस और यूक्रेन के बीच संभावित शांति समझौते की शर्तों पर चर्चा कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के साथ बैठक के दौरान श्री ट्रंप ने कहा मुझे लगता है कि वे कोई समझौता करने…

भाजपा के सहयोगी दबाव बना रहे हैं

September 23, 2026

उत्तर प्रदेश का चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहा है भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी पार्टियां दबाव बढ़ाने लगी हैं। इस बार भाजपा के सामने गठबंधन साधने की बड़ी चुनौती है। एक तरफ लोकसभा चुनाव के बाद बने हालात है, जिनमें भाजपा को अपने सामाजिक समीकरण की चिंता सता रही है तो दूसरी ओर गठबंधन…

चढ़ावा चोरी का मामला थमेगा नहीं

September 23, 2026

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला भारतीय जनता पार्टी के गले की हड्डी बना हुआ है। जैसे ही मामला थमने लगता है कि कोई नई खबर आ जाती है। भाजपा के प्रदेश की सरकार और योगी आदित्यनाथ के करीबी मान रहे थे कि अब यह मामला थम गया है। मंदिर का…

पंजाब में भाजपा-अकाली का बराबर समझौता

September 23, 2026

एक तरफ उत्तर प्रदेश में भाजपा की सहयोगी पार्टियां ज्यादा सीटों के लिए दबाव बना रही हैं तो दूसरी ओर पंजाब में भारतीय जनता पार्टी अपनी सहयोगी अकाली दल के ऊपर ज्यादा सीटों के लिए दबाव बना रही है। भाजपा का दबाव बराबरी का समझौता करने के लिए है। भाजपा के नेता पंजाब में बिहार…

विधायक बनने के बाद पीके की पहली परीक्षा

September 23, 2026

देश के सबसे लोकप्रिय और कामयाब चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार की बांकीपुर सीट पर उपचुनाव जीत कर जो धमाका किया उसकी गूंज अब शांत हो गई है। वह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे से खाली हुई थी और उपचुनाव में उन्होंने बहुत जोर भी लगाया था लेकिन पीके चुनाव…

logo